खूंटी. जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. अधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त आर रॉनिटा ने दीप प्रज्वलित कर किया. यह प्रशिक्षण 18 मार्च तक चलेगा. इस अवसर पर उपायुक्त ने अधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करने और जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी तथा पारदर्शिता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाओं और नीतियों का निर्माण किया जाता है. इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता और ईमानदारी से करें. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि क्षेत्र के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी दें, ताकि किसी प्रकार की शंका या जानकारी के अभाव की स्थिति उत्पन्न न हो और सभी के सहयोग से यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके. उपायुक्त ने जनगणना 2027 से संबंधित मार्गदर्शिका का अध्ययन कर उसके अनुरूप कार्य करने को कहा. प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के उप निदेशक ने प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी. अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया गया तथा बताया गया कि किस प्रकार सही और प्रमाणिक डाटा को समय पर एकत्र कर निर्धारित प्रणाली में अपलोड किया जायेगा. मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित सभी कार्यों की समय-सीमा की भी जानकारी भी दी गयी.
अधिकारियों को दिया गया जनगणना 2027 का प्रशिक्षण
जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया.
