तोरपा. विधायक सुदीप गुड़िया ने रविवार को तोरपा विधानसभा क्षेत्र की जनता को बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की. विधायक ने तोरपा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टाउन हॉल में आयोजित समारोह में विधायक मद से उपलब्ध कराये गये सात एंबुलेंस एवं तीन शव वाहनों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद उपस्थित थे. तोरपा प्रखंड में दो, गोविंदपुर में एक, रनिया में एक तथा बानो प्रखंड को तीन एम्बुलेंस दिया गया है. विधायक, जिलाध्यक्ष, तोरपा प्रखंड विकास पदाधिकारी नवीन चंद्र झा, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र के लिये रवाना किया. तोरपा को बनायेंगे आदर्श विधानसभा : विधायक इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझ पर भरोसा जताया है, उसे टूटने नहीं दूंगा. सभी के सहयोग से तोरपा को आदर्श विधानसभा बनायेंगे. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र के कई गांव जंगल और पहाड़ी इलाकों में स्थित हैं, जहां गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. एंबुलेंस की कमी के कारण कई बार उपचार में देरी होती थी. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र वासियों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एंबुलेंस और शव वाहन उपलब्ध कराये गये हैं. उन्होंने क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया. स्वास्थ्य सुविधा को लेकर सरकार प्रतिबद्ध : जिलाध्यक्ष झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं. लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार कृतसंकल्प है. एंबुलेंस और शव वाहन की सुविधा से हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को तत्काल सहायता मिल सकेगी. कार्यक्रम में जिप सदस्य सह झामुमो महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, जिप सदस्य वीरेन कंडुलना, विधायक प्रतिनिधि जगदीश बागे आदि ने भी विचार रखे. संचालन राहुल केशरी व धन्यवाद ज्ञापन झामुमो तोरपा प्रखंड अध्यक्ष रुबेन तोपनो ने किया. मौके पर तोरपा के बीडीओ नवीन चंद्र झा, रनिया के बीडीओ प्रशांत डांग, रेफरल अस्पताल की प्रभारी डॉ अनुमिता रानी, रनिया अस्पताल के प्रभारी डॉ रिचर्डसन, बानो अस्पताल के प्रभारी डॉ मनोरंजन कुमार, शिशिर तोपनो, मोजीर अंसारी, अमृत हेमरोम, पुष्पा गुड़िया, रौशनी गुड़िया, अनास्तासिया आईंद, तनवीर हुसैन, जेम्स आइंद, सुशील कोनगाड़ी, जयदीप तोपनो, नेलशन होरो,गैबीरियल तोपनो, विनोद उरांव,विस गुड़िया, सुरेश कोनगाड़ी, देवनाथ माघईया आदि उपस्थित थे. तोरपा को आदर्श विधानसभा बनाएंगे : विधायक तोरपा को दो, गोविंदपुर को एक, रनिया को एक व बानो को तीन एम्बुलेंस दिये
विधायक सुदीप गुड़िया ने तोरपा क्षेत्र के लिए सात एंबुलेंस व तीन शव वाहन दिये
विधायक मद से उपलब्ध कराये गये सात एंबुलेंस एवं तीन शव वाहनों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया.
