कन्या भ्रूण लिंग जांच पर लगायें अंकुश : डीसी
डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई.
खूंटी.
डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई. जिसमें मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के संबंध में बताया. उन्होंने बताया कि एक्ट के तहत जिले में कुल नौ अल्ट्रासाउंड क्लीनिक संचालित है. नये अल्ट्रासाउंड क्लीनिक के संचालन के लिए एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उपायुक्त ने कहा कि एक्ट के तहत सभी गाइडलाइंस का अनुपालन सुनिश्चित करें. जिला और प्रखंड स्तर पर अधिकारी जांच टीम का गठन कर नियमित रूप से छापेमारी करें. कहा कि अल्ट्रासाउंड क्लीनिक और उसके संचालन के लिए सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें. उन्होंने जिले में भ्रूण लिंग परीक्षण पर अंकुश लगाने और निजी चिकित्सा संस्थान में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने को कहा. डीसी ने कहा कि क्लीनिक में चिकित्सक होना अनिवार्य है.