जिले में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कई कार्यक्रम आयोजित किये गये. जिला प्रशासन, जिला पुलिस, वन प्रमंडल सहित अन्य अलग-अलग संस्थाओं ने कार्यक्रम आयोजित किये. विभिन्न जगहों पर जागरूकता अभियान और पौधरोपण किया गया. समाहरणालय परिसर में उपायुक्त जावेद हुसैन, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश और अन्य अधिकारियों ने पौधे लगाये. वहीं पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य का संकल्प लिया. उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से अधिक-से-अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने, कचरा का अच्छे से प्रबंधन करने तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यपालक अभियंता सहित अन्य उपस्थित थे.
पुलिस लाइन में एसपी ने लगाये पौधे :
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन में पौधरोपण किया गया. एसपी ऋषभ गर्ग ने छायादार और फलदार पौधे लगाये. वहीं अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों ने भी पौधरोपण किया. सभी ने पर्यावरण का संरक्षण करने का संकल्प लिया. वहीं खूंटी थाना के द्वारा शुक्रवार को साइकिल रैली निकाल कर पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया. इसके तहत एसपी कार्यालय से रैली निकाली गयी. साइकिल रैली खूंटी थाना तक जाकर संपन्न हुई. इसके बाद खूंटी थाना में थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पौधे लगाये गये.
मुरहू संच में लगाये गये पौधे :
एकल अभियान के तत्वावधान में मुरहू संच में पौधरोपण किया गया. पर्यावनण संरक्षण को लेकर प्रभात फेरी निकाली गयी. इसके बाद मुरहू के गुरमी गांव में पौधरोपण किया गया. संच अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि एकल अभियान के द्वारा प्रत्येक गांव में 50 से 100 पेड़ लगाने की योजना है. मौके पर महेंद्र नाग, ध्रुवेंद्र भास्कर, सुधा कुमारी, मनीषा कुमारी, रेमा कुमारी, अनिता देवी, कलावती देवी, अरुण देवी, दुलारी देवी सहित अन्य उपस्थित थे.
विश्व पर्यावरण दिवस पर गोष्ठी :
सिविल सर्जन सभागार में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गयी. जिसमें पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के महत्व पर चर्चा की गयी. सिविल सर्जन ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व, पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता तथा हरित वातावरण बनाये रखने को लेकर जागरूक किया. इसके बाद पौधरोपण किया गया. वहीं जागरूकता रैली निकाली गयी. मौके पर डॉ शोभा किस्पोट्टा, कानन बाला तिर्की, विश्व मोहन प्रसाद सहित अन्य उपस्थित थे.
एसडीए मिशन स्कूल में पाैधरोपण :
खूंटी वन प्रमंडल के वन पर्यावरण एवं वायु परिवर्तन विभाग ने शुक्रवार को शहर के तोरपा रोड स्थित एसडीए मिशन स्कूल में पौधरोपण किया गया. इस दौरान विभाग के पदाधिकारी और स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विद्यार्थियों ने पौधे लगाये. मौके पर स्कूल के प्राचार्य अनूप लकड़ा, राजन कुजूर, डब्ल्यू स्वांसी, अरविंद मिश्र, राजेष सहित अन्य उपस्थित थे.
बिरसा कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम :
विश्व पर्यावरण दिवस पर स्थानीय बिरसा कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में पौधरोपण सह पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाये गये. मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ सीके भगत, डॉ जया भारती कुजूर, डॉ जया कच्छप, डॉ अनंत राम, डॉ अभिषेक कुमार, डॉ काली मुंडू, डॉ ए महतो सहित अन्य उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.