तोरपा. एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने को लेकर प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को बैठक हुई. इसमें एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा की गयी. बैठक में उपस्थित विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि महिलाओं को स्वस्थ रख कर ही बेहतर व स्वस्थ समाज की कल्पना कर सकते हैँ. उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका महिलाओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाता है. इसको लेकर भ्रान्ति ना फैलायें. जो भ्रान्ति फैला रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि सभी मिल कर इस टीका के प्रति जागरूकता अभियान चलायें तथा प्रखंड में शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करें. उन्होंने कहा कि सरकार भी इसको लेकर गंभीर है. राज्य सरकार ने भी कैंसर के ईलाज तथा इसके बचाव के लिये बजट में प्रावधान किया है. बैठक में रेफरल अस्पताल की प्रभारी डॉ अनुमिता रानी ने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाईकल कैंसर से बचाव के लिये 14 से 15 वर्ष तक की आयु वर्ग की बच्चियों को दिया जा रहा है. यह पूरी तरह सुरक्षित है. यह टीका रेफरल अस्पताल तोरपा में मुफ्त में दिया जा रहा है. इसको लेकर लोग भ्रान्ति ना पालें. विगत 15 वर्षो से यह टीका देने का काम किया जा रहा है. बीडीओ नवीन चंद्र झा ने कहा कि कई जगहों पर जागरूकता की कमी के कारण टीका को लेकर कई तरह की भ्रान्तियां फैलायी जा रही है. लोग टीका लेने से इंकार कर रहे हैं. जागरूकता अभियान चलाकर भ्रान्तियां दूर की जायेगी. बैठक में प्रमुख रोहित सुरीन, उप प्रमुख संतोष कर, बीपीओ नरेंद्र कुमार आदि ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एचपीवी टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये सामूहिक रूप से प्रयास किया जायेगा. पंचायत स्तर पर अभियान चलाया जायेगा. बैठक में मुखिया जॉन तोपनो, मुखिया विनीता नाग, अनास्तासिया आईंद, उप मुखिया राजू साहु, बीपीओ आशीष वर्मा, विवेक गुड़िया, अमर आदि सहित स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे.
एचपीवी टीका महिलाओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाता है : विधायक
एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने को लेकर प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को बैठक हुई.
