खूंटी से भूषण कांसी की रिपोर्ट
Khunti News: झारखंड के खूंटी जिले में जंगली हाथी के हमले से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. घटना रनिया थाना क्षेत्र के गढ़शिदम स्थित रायमुंडा जंगल की है, जहां हाथी ने एक बुजुर्ग को पटक-पटक कर मार डाला. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
दो दिन तक जंगल में पड़ा रहा शव
मृतक की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र के जलासार सरामोडा गांव निवासी लगभग 65 वर्षीय सामुएल पूर्ति के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हमले के बाद उनका शव दो दिनों तक जंगल में ही पड़ा रहा. सोमवार को जब चरवाहे जंगल की ओर गए, तब उन्होंने क्षत-विक्षत शव देखा और इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया पूरी की.
बाजार जाने निकले थे, घर नहीं लौटे
परिजनों के अनुसार, सामुएल पूर्ति शनिवार 2 मई को घर से गढ़शिदम में लगने वाले बाजार जाने की बात कहकर निकले थे. लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे. परिजनों ने पहले आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. दो दिन बाद जंगल में शव मिलने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया गया है. वन विभाग के प्रभारी वनपाल अविनाश लुगुण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि जंगली हाथी के हमले में ही व्यक्ति की मौत हुई है. विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता
वन विभाग की ओर से स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पीड़ित परिवार को तत्काल 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई. साथ ही, सरकारी प्रावधानों के तहत आगे मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है. ग्राम प्रधान सुरेश कोन गाड़ी, जिप सदस्य बिरेन कांडुलना और जेम्स टोपनो ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
इलाके में बढ़ा हाथियों का आतंक
इस घटना के बाद रनिया प्रखंड क्षेत्र में लोगों के बीच डर का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों इलाके में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ रहा है. लोगों को जंगल और खेतों में जाने से डर लग रहा है, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. खासकर शाम और रात के समय लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: पहले ‘भाई’ और फिर ‘मामा’, क्या असम में शिवराज का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे हिमंता बिस्वा सरमा?
बढ़ती मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती
खूंटी और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों के हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. यह बढ़ता मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रशासन और वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. जरूरत है कि प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाए, ग्रामीणों को सतर्क किया जाए और हाथियों को आबादी से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें: राजनगर अस्पताल में मां-बच्चे की मौत पर भाजपा का धरना-प्रदर्शन, मोबाइल की रोशनी में प्रसव की कोशिश
