मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करें चिकित्सक
उपायुक्त एसके भुवानिया ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण,
प्रतिनिधि, खूंटी.
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन कक्ष, एसएनसीयू, आइसीयू, ओपीडी, जांच घर, मातृ शिशु अस्पताल, चिकित्सक रूम सहित अन्य सभी विभागों का जायजा लिया. ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड में उन्होंने चिकित्सकों की संख्या और उपस्थिति की समीक्षा की. उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था दुरूस्त रखने तथा मरीजों का अच्छे से इलाज करने का निर्देश दिया. दवा वितरण केंद्र में स्टॉक की जानकारी ली. वहीं रोस्टर अनुसार चिकित्सक, एएनएम, जेएनएम समेत अन्य की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा. मरीजों को मेनू के अनुसार भोजन देने को कहा. लैब का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जिन मशीनों का उपयोग नहीं हो रहा है, उन्हें क्रियाशील करने, डीपीएच लैब में राशन कार्डधारी और बीपीएल परिवारों के लिए विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं पूर्णतया नि:शुल्क उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्हें सिविल सर्जन डॉ एलआर पाठक ने बताया कि सदर अस्पताल खूंटी में 80 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं. उपायुक्त ने आमजनों से सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की.
सदर अस्पताल भवन के निर्माण में धीमी गति पर नाराज :
उपायुक्त ने सदर अस्पताल के नये भवन का निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. अस्पताल के निर्माण की धीमी गति से नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने कार्य में तेजी लाने और संबंधित एजेंसी को पत्राचार करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा, सिविल सर्जन, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य उपस्थित थे.
उपायुक्त एसके भुवानिया ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, कहा
सदर अस्पताल खूंटी में 80 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्धB