खूंटी: विश्व कृमिनाशक दिवस के अवसर पर पीएम श्री सरकारी विद्यालय, जमवाडाग में सोमवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम निर्मला देवी ग्रुप ऑफ एजुकेशन, इम्पीरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं निर्मला देवी नर्सिंग स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से बचाव, कृमिनाशक दवा के नियमित सेवन, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था.
विद्यार्थियों को संक्रमण से बचने का बताया उपाय
कार्यक्रम में नर्सिंग विद्यार्थियों ने बच्चों को कृमि संक्रमण के कारण, इससे बचाव के उपाय और नियमित रूप से कृमिनाशक दवा लेने के महत्व की जानकारी दी. इस दौरान जागरूकता नाटक (स्किट) का भी मंचन किया गया. इसके माध्यम से स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े संदेश बच्चों तक सरल एवं रोचक तरीके से पहुंचाये गये. ये भी पढ़ें: गुमला में जमीन विवाद में दो वृद्धों की हत्या
विद्यार्थियों ने हाथ धोने के सही तरीके का किया प्रदर्शन
नर्सिंग विद्यार्थियों ने हाथ धोने के सही तरीके का व्यावहारिक प्रदर्शन किया. बच्चों को भोजन करने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद और अन्य आवश्यक अवसरों पर साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक का संदेश
अंत में विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया. आयोजन के माध्यम से निर्मला देवी ग्रुप ऑफ एजुकेशन, इम्पीरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं निर्मला देवी नर्सिंग स्कूल की सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया.
ये भी पढ़ें: खूंटी में विश्व आदिवासी दिवस पर छात्राओं ने बिखेरा संस्कृति का रंग, संरक्षण का लिया संकल्प
