खूंटी. भाजपा के खूंटी जिला प्रभारी सत्यनारायण सिंह ने कहा कि नारी वंदन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर कर दिया है. एनडीए सरकार द्वारा लाया गया नारी वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है. कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने इस विधेयक का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों के रास्ते में बाधा खड़ी की है. यदि विपक्ष ने विरोध नहीं किया होता, तो 33 प्रतिशत महिला आरक्षण 2029 तक लागू हो सकता था. उन्होंने यह बातें मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा. उन्होंने कहा कि विपक्ष डिलिमिटेशन और जनगणना जैसे मुद्दों को बहाना बना कर महिलाओं को उनका अधिकार देने से बचना चाहता है. संसद में हंगामा कर विपक्ष ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर कर दिया है. भाजपा इस मुद्दे को लेकर पूरे देश में आक्रोश मार्च के माध्यम से जनता के बीच जायेगी और विपक्ष का असली चेहरा सामने लाएगी. भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल को रांची में पार्टी की ओर से एक बड़ा आक्रोश मार्च आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में खूंटी जिले से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे. मौके पर भाजपा जिला महामंत्री निखिल कंडुलना, महामंत्री रूपेश जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी उपस्थित थे.
विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता उजागर : भाजपा
नारी वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा का प्रेस कांफ्रेंस
