खूंटी. भाजपा जिला कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार को पेयजल और बिजली समस्या को लेकर आक्रोश प्रदर्शन किया गया. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनंद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय कचहरी मैदान से समाहरणालय के समक्ष भाजपा कार्यकर्ता घड़ा के साथ प्रदर्शन करने पहुंचे और समाहरणालय के समक्ष घड़ा फोड़ा. इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय ने कहा कि यह सरकार निकम्मी हो चुकी है. राज्य में चारों ओर पानी और बिजली को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. पूरे राज्य में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. घंटों विद्युत आपूर्ति ठप रहती है. कहा कि झारखंड का निर्माण भाजपा ने कराया है. हम जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाते रहेंगे. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि सरकार राज्य की जनता को बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध कराने में असफल है. बिजली पानी की समस्या से तो जनता जूझ ही रही है, कानून व्यवस्था भी ध्वस्त हो चुकी है. पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि पूरे राज्य में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सड़क सभी की स्थिति खराब है. कार्यक्रम के बाद एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकूंद सहाय, मुनेश्वर साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, रूपेश जायसवाल, संतोष जायसवाल, प्रियंक भगत, निखिल कंडुलना, अर्जुन पाहन, रानी टूटी, विनोद धान, लखींद्र नायक, कैलाश राम, महावीर राम, सुबोध गुप्ता, अश्विनी शर्मा, सुधीर सिंह, कुलदीप मिश्रा, रुकमिला सारू, रेडा मुंडा, मंगला भेंगरा, प्रताप गुड़िया, एतवा पाहन, दुबिया मुंडा, बैजनाथ मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे.
पानी-बिजली के लिए घड़ा फोड़ कर भाजपाइयों ने किया प्रदर्शन
पेयजल और बिजली समस्या को लेकर आक्रोश प्रदर्शन किया गया.
