खूंटी के आशीष तानी पूर्ति के दम पर जीता भारत, जिले में जश्न

जापान में आयोजित अंडर -18 पुरुष एशिया कप हॉकी के फाइनल में भारत ने जापान को चार-एक गोल से पराजित किया.

खूंटी. जापान में आयोजित अंडर -18 पुरुष एशिया कप हॉकी के फाइनल में भारत ने जापान को चार-एक गोल से पराजित किया. भारत के विजयी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है. भारत के इस विजय में खूंटी के मुरहू प्रखंड अंतर्गत गनालोया निवासी आशीष तानी पूर्ति का अहम योगदान है. फाइनल मैच में उसने चार में से तीन गोल किये. उसे बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. इससे पहले शुक्रवार को खेले गये सेमीफाइनल मैच में भी उसने पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक लगाते हुए कुल चार गोल किये थे. फाइनल मैच में उसके प्रदर्शन के बाद उसके गांव में खुशी का माहौल है. मैच में जीत दर्ज करने के बाद आशीष तानी पूर्ति के परिवार के सदस्यों ने नाच कर खुशी का इजहार किया. वहीं गांव के लोगों ने भी परिवार के सदस्यों को बधाई दी है. उसके पिता सुखु तानी पूर्ति ने कहा कि बेटा का बहुत नाम हुआ है. इससे बहुत खुशी मिल रही है. उसने प्रतियोगिता के अन्य मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है. इससे पहले भी कई प्रतियोगिता में उसने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है. मां ललिता देवी ने कहा कि आशीष शुरू से होनहार था. उसके मामा तोरपा के उयुर गुड़िया निवासी रोहित आइंद और पवन आइंद पांच साल की उम्र में ही उसे हॉकी का प्रशिक्षण दिला रहे थे. उसके मामा भी हॉकी खिलाड़ी हैं. खेलते-खेलते वह जमशेदपुर चला गया और वहीं से खेल रहा था.

छोटे से घर से निकलकर हॉकी का बना सितारा

आशीष तानी पूर्ति अपने प्रदर्शन के बलबूते आज हॉकी का सितारा बन गया है. उसने अपने प्रदर्शन के दम पर भारत को चैंपियन बनाया और खूंटी जिले का नाम रोशन किया. उसका परिवार मुरहू के गानालोया गांव में एक छोटे से घर में रहता है. लगभग एक डिसमिल में बने कच्चे घर में परिवार रहता है. आशीष तानी पूर्ति भाई में अकेले है, वहीं उसकी चार बहनें लक्ष्मी, रेशमी, रोशनी और ज्योति हैं. जिसमें सबसे छोटी बहन ज्योति भी हॉकी की खिलाड़ी है. शनिवार को मैच से ठीक पहले आशीष तानी पूर्ति के माता-पिता घर के आंगन में काम कर रहे थे. दोनों भरी गर्मी के बीच आग में हल के फाल को तेज करने में लगे थे. पिता सुखु तानी पूर्ति गांव-गांव घूम कर हल, छीनी, हंसुआ और अन्य उपकरण बनाने और मजदूरी का काम कर अपना गुजारा करते हैं.

मोबाइल में देखा मैच

आशीष तानी पूर्ति के परिवार के सदस्यों ने शनिवार को मोबाइल में मैच का सीधा प्रसारण देखा. पूरे समय मोबाइल में टकटकी लगा कर देखते रहे. मैच में आशीष के प्रदर्शन को देख कर वे कई बार भावुक भी हुए. अंत में जब जीत मिली तो सभी खुशी से झूम उठे. भारत की जीत और उसमें आशीष के प्रदर्शन की जानकारी लोगों को मिली तो पंचायत समिति सदस्य रोशन लाल सहित आसपास के लोग उनके घर पहुंचे और बधाई दी.

खूंटी से दो खिलाड़ी टीम में हैं

अंडर 18 भारतीय टीम में खूंटी जिले से दो खिलाड़ी शामिल हैं. मुरहू के गनालोया निवासी आशीष तानी पूर्ति के साथ ओस्केया गांव निवासी प्रेमचंद सोय भी टीम में शामिल है. शनिवार को फाइनल मैच के दौरान प्रेमचंद सोय की मां जसमनी सोय भी आशीष तानी पूर्ति के घर पहुंची थी.

अंडर 18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में जीत के बाद गदगद हैं आशीष के परिजन व गांव के लोग

आशीष ने पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक और जापान खिलाफ तीन गोल दाग कर दिखायी अपनी प्रतिभाB

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandan kumar

चंदन कुमार ने करियर की शुरुआत 1996 में प्रभात खबर से की. ऑल इंडिया रेडियो, सहारा समय टीवी, इंडिया टुडे एवं राष्ट्रीय सहारा में कार्य अनुभव. यात्रा वृतांत,साहित्य, सामाजिक बदलाव एवं कानूनी मामले की खबरों में रुचि. वर्तमान में मधेपुरा से खबरों का संकलन करते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >