खूंटी : सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत जिला पुलिस द्वारा शुक्रवार को मुरहू के कूड़ापूर्ति गांव में शिविर लगाया गया. इसमें करीब एक हजार लोगों के बीच साड़ी, धोती, कंबल, मच्छरदानी, छाता व कॉपी आदि का वितरण किया गया. शिविर में मुख्य रूप से उपस्थित डीआइजी आरके धान ने कहा कि पुलिस जनता की सेवक है. ग्रामीण पुलिस को हमेशा सुख-दुख का साथी मानें.
जनता की समस्याअों को दूर करने के लिए पुलिस यथासंभव कोशिश करती रहेगी. एसपी अनीश गुप्ता ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता व पुलिस के बीच की दूरी को कम करना है.
मौके पर कमांडेंट राजकुमार, ऑपरेशन एएसपी अनुराग राज, एसडीओ नीरजा कुमारी, एसडीपीओ रणवीर सिंह, डॉ राजेश कुमार, करण चौहान, बीएन बारी, बीडीओ सुषमा लकड़ा, थानेदार बमबम कुमार आदि अधिकारी मौजूद थे.
ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच : कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा शिविर भी लगाया गया. ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवा दी गयी.
कंबल पाने की थी होड़ : शिविर में कंबल पाने की होड़ लगी थी. जिन्हें कंबल मिला वे कहते दिखे कि पुलिस ने जाड़ा में कंबल देकर नेकी का काम किया है.
बच्चों के बीच कॉपी वितरित : एसपी अनीस गुप्ता ने शिविर के दौरान बच्चों के बीच कॉपी का वितरण किया. उनसे कहा कि स्कूल जरूर जायें. आगे भी पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया जायेगा.
वृद्धा पेंशन का आवेदन लिया गया
शिविर में एसडीओ नीरजा कुमारी ने स्वयं बुजुर्गों से वृद्धा पेंशन का आवेदन लिया. शिविर में आये अधिकांश बुजुर्गों को मालूम नहीं था कि वृद्धा पेंशन क्या होता है. एसडीओ ने मुरहू बीडीअो को आवेदन देकर उस पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा.
मेला जैसा नजारा था
जरूरत की चीजों को पाने के लिए शिविर में काफी संख्या में लोग जुटे थे. पुलिस विभाग की अोर से किसी को निराश नहीं किया गया. सभी को सामान दिया गया. भीड़ के कारण शिविर में मेला जैसा नजारा था.
