खूंटी के मान्हू गांव में वज्रपात ने मचायी तबाही
खूंटी : खूंटी थाना क्षेत्र के मान्हू गांव में शनिवार को वज्रपात से सचिन मुंडा (सात) की मौत हो गयी, जबकि ललित मुंडा, अनिक पाहन, रमेश पाहन, महेश पाहन व बोआस पाहन नामक पांच बच्चे झुलस गये. इन्हें खूंटी सदर अस्पताल में भरती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सभी बच्चे मवेशी चरा रहे थे. इसी बीच बारिश होने लगी. बारिश से बचने के लिए बच्चे एक पेड़ नीचे खड़े गये.
इसी दौरान बारिश के बीच वज्रपात की घटना हुई, जिसकी चपेट में सभी आ गये. वज्रपात की चपेट में आकर सचिन मुंडा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि अन्य पांच बच्चे को झटका लगा. वज्रपात में बच्चों के झुलसने की सूचना मिलते ही ग्रामीण पहुंचे और सभी को गोबर के ढेर में डाल दिया. वहां से सभी को सदर अस्पताल खूंटी लाया. इधर, घटना की सूचना मिलने पर बीडीओ विनय मनीष लकड़ा एवं सीओ कानूराम नाग मान्हू गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
कीटनाशक पीकर महिला ने आत्महत्या की
इटकी . थाना क्षेत्र के मोरो गांव में शनिवार को चांदनी उराइन (25) नामक एक महिला ने कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या कर ली. चांदनी के पति लुथुआ उरांव के अनुसार, घटना के समय चांदनी घर में अकेली थी. आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया.
करंट से महिला की मौत
बेड़ो. नेहालू गांव निवासी सिबन देवी (40) की मौत करंट लगने से हो गयी. वह शनिवार को अपराह्न् करीब 2:30 बजे बाउली बगीचा जतराटांड़ जा रही थी. इसी क्रम में वहां गिरे धारा प्रवाहित तार के संपर्क में आ गयी, जिससे उसकी मौत हो गयी.
