खूंटी : सीआरपीएफ 94 बटालियन व झारखंड जगुवार की टीम ने गुरुवार को सर्च अभियान में पश्चिम सिंहभूम के गोइलकेरा स्थित पंडूवा गांव से 25 किलो का दो शक्तिशाली लैंडमाइंस बरामद किया. तलाशी के दौरान मोर्टार में प्रयुक्त होनेवाले छह एचइ बम, वायरलेस सेट, कारतूस और जेनरेटर भी बरामद किये गये.
जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ कमांडेंट रवींद्र भगत के निर्देश पर टीम 22 अप्रैल की शाम भाकपा माओवादी के पंडूवा के एरिया कमांडर इस्माइल कंडुलना के घर पहुंची, लेकिन वह फरार मिला. इसके बाद पुलिस ने मेटल के डिटेक्टर से घर व परिसर की तलाशी ली.
तलाशी के क्रम में जमीन के अंदर छुपा कर रखे उक्त विस्फोटक मिले. कमांडेंट रवींद्र भगत के अनुसार पहली बार इस क्षेत्र से शक्तिशाली लैंड माइंस बरामद किये गये हैं. बाद में विस्फोटकों को डिफ्यूज कर दिया गया. अभियान में सहायक कमांडेंट मुकेश कुमार, अनिल टोप्पो, जेजे के डिप्टी कमांडेंट विजय शंकर सिंह समेत सीआरपीएफ के जवान मौजूद थे.
