दूसरा गंभीर, रिम्स रेफर किया गया
मुरी : सिल्ली थाना क्षेत्र के इतिहासा गांव के समीप सड़क हादसे में कमल महतो (22) नामक एक युवक की मौत हो गयी. वह बांधडीह का रहनेवाला था, जबकि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कोचाजारा गांव निवासी दिलीप महतो (20) को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है.
बताया जा रहा है मोटरसाइकिल (जेएच 01एबी-5932) से दोनों युवक कहीं जा रहे थे. मोटरसाइकिल की रफ्तार काफी तेज थी. इसी क्रम में इतिहासा गांव के समीप मोटरसाइकिल चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे मोटरसाइकिल एक पेड़ से टकरा गयी. इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये.
ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को रेफरल अस्पताल सिल्ली लाया गया, जहां इलाज के दौरान कमल महतो की मौत हो गयी. दुर्घटना के संबंध में सिल्ली थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
