खूंटी : खूंटी के डाड़ीगुटू में शौचालय निर्माण में अनियमितता बरते जाने को लेकर जिला प्रशासन ने मुखिया समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी करायी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद डीसी सूरज कुमार के निर्देश पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राधेश्याम रवि ने डाड़ीगुटू पंचायत के मुखिया फूलचंद मुंडा, बीज उत्पादक सहयोग […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
खूंटी : खूंटी के डाड़ीगुटू में शौचालय निर्माण में अनियमितता बरते जाने को लेकर जिला प्रशासन ने मुखिया समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी करायी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद डीसी सूरज कुमार के निर्देश पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राधेश्याम रवि ने डाड़ीगुटू पंचायत के मुखिया फूलचंद मुंडा, बीज उत्पादक सहयोग समिति के अध्यक्ष जैतून टूटी और सचिव महानंद स्वांसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि मुखिया और एसएचजी ग्रुप को डाड़ीगुटू में शौचालय निर्माण के लिए राशि प्रदान की गयी थी, इसमें मुखिया को कुल 90 शौचालय निर्माण का लक्ष्य दिया गया था. जिसमें मुखिया ने मात्र 25 शौचालय को ही पूर्ण कराया. वहीं 65 अधूरे रह गये.
बीज उत्पादक सहयोग समिति को 59 शौचालय का लक्ष्य दिया गया था. जिसमें एक भी शौचालय को पूरा नहीं किया. जबकि सभी शौचालय को पूर्ण दिखाते हुए पूरी राशि की निकासी कर ली गयी. इसे लेकर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितता करने पर प्राथमिकी करायी गयी है. अब मामले की छानबीन पुलिस करेगी.
ज्ञात हो कि डाड़ीगुटू पंचायत में शौचालय निर्माण में अनियमितता बरते जाने को लेकर प्रभात खबर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी. जिसके बाद जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय होकर जांच का आदेश दिया था. आधे-अधूरे शौचालय के बाद भी उपयोगिता प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया था. डीसी ने बताया कि डाड़ीगुटू में अधूरे शौचालयों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है. कार्य प्रारंभ कर दिया गया है.