खूंटी : खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में सोमवार सुबह कुएं में डूबने से एक महिला एवं उसके 2 वर्षीय बेटे की मौत हो गयी है. घटना सुबह करीब 10 बजे की है. बताया जा रहा है कि जब महिला अपने 2 वर्षीय बच्चे के साथ घर के बाहर कुएं पर नहाने के लिए गयी तो इस दौरान संदेहास्पद स्थिति में बच्चा कुएं में गिर गया. उसे बचाने के लिए उसकी मां सुमी मुंडू भी कुएं में कूद गयी, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वह भी डूब गयी.
घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों को तब हुई जब गांव के अन्य लोग नहाने के लिए कुएं पर पहुंचे. कुएं के पास पहुंचे लोगों ने देखा कि दोनों का शव कुएं में तैर रहा है. बाद में परिजनों को सूचना दी गयी. सूचना के बाद परिजनों ने शव को निकाला और सदर अस्पताल ले गये. सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने इस घटना की जानकारी बाद में खूंटी पुलिस को दी. पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस में मृतक के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली और उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
