JPSC Scam: खियांग्ते ने की थी आयोग के कंप्यूटर से डेटा लेने की कोशिश, CID ने आवास से जब्त किए दस्तावेज

जेपीएससी स्कैम में पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते की मुश्किलें बढ़ गईं हैं. सीआईडी की छापेमारी के दौरान उन्होंने आयोग के कंप्यूटर से डेटा कॉपी करने का प्रयास किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया. मामले में अन्य गिरफ्तारियां भी हुई हैं.

L Khiangte JPSC Scam: जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते ने सीआईडी की छापेमारी के बाद आयोग कार्यालय पहुंचकर कुछ डेटा पेन ड्राइव में कॉपी करने का प्रयास किया था. इसकी जानकारी मिलने के बाद सीआइडी ने उनके आवासीय परिसर में छापेमारी की. वहां से कंप्यूटर, पेन ड्राइव और कई दस्तावेज जब्त किये गये. सूत्रों के अनुसार सीआईडी की जांच में यह जानकारी सामने आयी है और इसे रिकॉर्ड भी किया गया है. इस मामले में खियांग्ते से पूछताछ की गयी. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया. मुख्य सचिव कार्यालय के गिरफ्तार कर्मी धर्मेंद्र ने अपने संपर्कों के जरिये जांच प्रभावित करने का प्रयास किया. उसने कुछ लोगों से अधिकारियों को फोन भी करवाये. अब सीआईडी उन लोगों से धर्मेंद्र के संबंधों की जांच कर रही है. जांच में यह बात भी सामने आयी है कि धर्मेंद्र ने कथित तौर पर गलत तरीके से अपने भाई को जेपीएससी की परीक्षा में सफल कराया था.

अरुण कुमार से पूछताछ जारी

बिंसिस कंपनी से जुड़े और मुंबई से गिरफ्तार अरुण कुमार से सीआइडी व रांची पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है. अरुण पर जेएसएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ी का आरोप है. इस संबंध में नामकुम थाना में प्राथमिकी दर्ज है. अभय तिवारी के सिंडिकेट से अरुण के संपर्क की जानकारी सामने आने के बाद सीआइडी जेपीएससी मामले में भी उससे पूछताछ कर रही है. उससे यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने जेपीएससी में काम कैसे हासिल किया, वहां क्या-क्या गड़बड़ियां कीं और आयोग के किन लोगों से उसके संपर्क थे. धर्मेंद्र के साथ उसके संबंधों की भी जांच की जा रही है.

अनिमा हांसदा से आज होगी पूछताछ

सीआइडी ने जेपीएससी की पूर्व सदस्य डॉ अनिमा हांसदा को पूछताछ के लिए बुलाया है. वह शुक्रवार को सीआइडी कार्यालय पहुंचकर अपना बयान दर्ज करायेंगी. आयोग के दो अन्य पूर्व सदस्य पहले ही सीआईडी के समक्ष अपना बयान दर्ज करा चुके हैं.  

ये भी पढ़ें- रांची यूनिवर्सिटी: दीक्षांत समारोह के लिए 14 अगस्त तक आवेदन, एमए इन एजुकेशन में भी नामांकन शुरू

पूर्व चेयरमैन पहुंचे कोर्ट, जमानत याचिका पर सुनवाई 25 को

14वें जेपीएससी फर्जीवाड़ा मामले में गिरफ्तार झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते ने जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है. दाखिल याचिका सीआइडी की विशेष अदालत में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध थी, लेकिन कोर्ट के नहीं बैठने के कारण सुनवाई टल गयी. अब याचिका पर सुनवाई 25 अगस्त को होगी. मालूम हो कि सीआइडी ने 10 अगस्त को एल खियांग्ते को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. गिरफ्तारी से पहले जांच एजेंसी ने उन्हें तीन अलग-अलग तिथियों पर समन जारी कर लंबी पूछताछ की थी. इस मामले में सीआइडी ने 21 जुलाई को पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी की थी. इस दौरान जांच टीम ने कई अहम दस्तावेज बरामद किये थे. इसके बाद से एजेंसी की कार्रवाई लगातार जारी है. सीआइडी अब तक फर्जीवाड़े में शामिल 20 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. जांच एजेंसी की कार्रवाई के बीच जेपीएससी के अध्यक्ष समेत आयोग के तीनों सदस्यों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है. 

ये भी पढ़ें- झारखंड के मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू, 14 अगस्त को आएगी मेरिट लिस्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >