Jharkhand Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत की ओर से आ रही ठंडी हवाओं ने झारखंड के मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल दिया है. राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में सुबह और रात के समय ठंड का असर तेज हो गया है. शुक्रवार को रांची का तापमान पिछले 24 घंटों में 2.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, रांची के कांके का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे 5.2 डिग्री सेल्सियस बताया है.
ठंडी हवाओं से सुबह-सुबह बढ़ी दिक्कत
झारखंड में लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण सुबह के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. खुले इलाकों में कनकनी बढ़ गई. ग्रामीण और पठारी क्षेत्रों में ठंड ज्यादा असर दिखाई दिया शुक्रवार को दिन भर मौसम ड्राई बना रहा, लेकिन हवा में नमी और ठंडक के कारण ठिठुरन बनी रही.
24 और 25 जनवरी को छाया रहेगा कोहरा
मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार, 24 और 25 जनवरी 2026 को सुबह के समय झारखंड के कई हिस्सों में कोहरा छाए रहने की संभावना है. दिन के समय आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं. बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. मौसम मुख्य रूप से ड्राई बना रहेगा. विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
26 जनवरी को आसमान में छाए रहेंगे बादल
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 26 जनवरी के आसपास उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड तक पहुंच सकता है. इस कारण एक बार फिर मौसम में बदलाव संभव है. आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल किसी बड़े सिस्टम या भारी बारिश का संकेत नहीं है. ठंडी हवाएं जारी रहने की संभावना जताई गई है.
दिन में बढ़ेगा तापमान, रातें रहेंगी ठंडी
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक डॉ बाबूराज पीपी की ओर से जारी पांच दिनों के तापमान पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में आने वाले दिनों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, जबकि रातें अभी भी कई जिलों में ठंडी बनी रहेंगी. 23 से 27 जनवरी 2026 के बीच मौसम का मिजाज हल्के उतार-चढ़ाव वाला रहेगा.
संताल परगना में गर्म दिन, ठंडी सुबह-शाम
पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज आदि जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. गोड्डा और पाकुड़ में 25-26 जनवरी को पारा 31 डिग्री तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान 9 से 14 डिग्री के बीच रहेगा. गिरिडीह में 27 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिर सकता है. इससे सुबह-शाम में ठंड बनी रहेगी.
झारखंड में लोहरदगा सबसे ठंडा स्थान
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू आदि जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है. लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जो इस क्षेत्र को सबसे ठंडा बना सकता है. चतरा, गढ़वा और पलामू में भी रात का पारा 8 से 10 डिग्री तक रह सकता है. सुबह के समय कोहरे और ठंडी हवा का असर ज्यादा रहेगा.
रांची समेत सेंट्रल जिलों में बैलेंस्ड रहेगा मौसम
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री और न्यूनतम 7 से 13 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. रांची में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री और न्यूनतम 10-12 डिग्री के आसपास रह सकता है. खूंटी और गुमला में रातें ज्यादा ठंडी बनी रह सकती हैं.
सिंहभूम क्षेत्र में हल्की गर्मी
पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री तक जा सकता है. पश्चिमी सिंहभूम में 27 जनवरी को 31 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. हालांकि रात का तापमान 9 से 13 डिग्री के बीच रहेगा.
इसे भी पढ़ें: Dhanbad Special Story: बीआईटी सिंदरी में 4,500 स्टूडेंट्स पर सिर्फ 115 टीचर, 191 पोस्ट खाली
बुजुर्गों, बच्चों और किसानों को अलर्ट रहने की जरूरत
मौसम विज्ञान विभाग ने बुजुर्गों और बच्चों को सुबह-शाम अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है. किसानों को संभावित कोहरे और ओस को देखते हुए फसलों की निगरानी करने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें: Netaji Jayanti 2026: रांची के लालपुर के इस घर में आज भी जिंदा हैं नेताजी की यादें, फणिंद्र आयकत साथ थे खड़े
