रांची: झारखंड में मानसून सक्रिय है और राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विभाग ने 18 अगस्त को झारखंड में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना जतायी है. वहीं 19 अगस्त को भी राज्य में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. ऐसे में झरने, नदियों और डैम का जलस्तर बढ़ने के साथ पर्यटकों के लिए खतरा भी बढ़ सकता है.
झारखंड अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है. रांची के हुंडरू फॉल, दशम फॉल, जोन्हा फॉल, हजारीबाग के पंचघाघ और हिरनी फॉल से लेकर लातेहार के लोध फॉल और नेतरहाट क्षेत्र तक बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. बारिश के बाद इन जगहों की खूबसूरती देखते ही बनती है, लेकिन इसी दौरान पानी का बहाव अचानक तेज होने का खतरा भी रहता है.
खूबसूरती के बीच खतरे को न करें नजरअंदाज
बारिश के दौरान झरनों के आसपास की चट्टानें फिसलन भरी हो जाती हैं. कई बार ऊपर के इलाकों में हुई बारिश का असर कुछ देर बाद नीचे के जलप्रपात में दिखाई देता है. ऐसे में पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है. पर्यटकों को झरने के बिल्कुल किनारे जाने, पानी में उतरने या फिसलन भरी चट्टानों पर खड़े होकर सेल्फी लेने से बचना चाहिए.
नदी में उतरना पड़ सकता है भारी
बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव तेजी से बदल सकता है. ऊपर से शांत दिखने वाला पानी भी अंदर से तेज बहाव वाला हो सकता है. इसलिए नदी में नहाने या तेज बहाव के बीच जाने से बचना चाहिए. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को पानी के आसपास ले जाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.
डैम के पास भी रहें अलर्ट
बारिश के दौरान डैम और जलाशयों में पानी लगातार बढ़ सकता है. डैम के गेट, जलाशय के किनारे या प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. यदि स्थानीय प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से किसी स्थान पर प्रवेश को लेकर चेतावनी जारी की गयी है, तो उसका पालन करना जरूरी है.
बारिश तेज हो तो घूमने का प्लान टाल दें
अगर पर्यटन स्थल पर पहुंचने के बाद अचानक तेज बारिश, गरज-चमक या तेज हवा शुरू हो जाये तो रोमांच के चक्कर में वहां रुकना ठीक नहीं है. ऐसे समय सुरक्षित स्थान पर लौटना बेहतर होगा.
IMD ने 18 अगस्त को झारखंड में भारी से अत्यंत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना जतायी है. इसलिए खुले इलाकों, झरनों और जलाशयों के आसपास अतिरिक्त सावधानी जरूरी है.
पर्यटकों के लिए 8 जरूरी सावधानियां
- तेज बहाव वाले पानी में बिल्कुल न उतरें.
- झरने की चट्टानों पर सेल्फी लेने से बचें.
- डैम के गेट और प्रतिबंधित इलाकों में न जाएं.
- बच्चों को पानी के आसपास अकेला न छोड़ें.
- बारिश बढ़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर लौटें.
- बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें.
- स्थानीय प्रशासन या पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज न करें.
- पर्यटन स्थल के लिए निकलने से पहले वहां के स्थानीय मौसम और रास्ते की स्थिति की जानकारी जरूर लें.
