संवाददाता, जामताड़ा
जामताड़ा थाना क्षेत्र के दूधकेवड़ा गांव में मंगलवार को वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिला घायल हो गईं. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. मृतक की पहचान प्रदीप पावरिया (22) के रूप में हुई है. वहीं घायल महिलाओं में सरस्वती मरांडी (24) और बहामुनी हांसदा (33) शामिल हैं. बताया जाता है कि तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली घर पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रदीप पावरिया को मृत घोषित कर दिया. वहीं दोनों घायल महिलाओं का इलाज अस्पताल में किया. घटना की सूचना मिलने पर जामताड़ा थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
