नारायणपुर (जामताड़ा) : मनसा पूजा के निमंत्रण में शामिल होकर घर लौट रहा एक परिवार गुरुवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गया. पांडेडीह-गिरिडीह मुख्य सड़क पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के दुलाडीह पेट्रोल पंप के समीप विपरीत दिशा से आ रही थार ने बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में बाइक चालक भरत पंडित (35) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी दुलारी देवी (32) और 14 वर्षीय पुत्र अजय पंडित गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.
पूजा से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार बूढ़े थाना क्षेत्र के डाकोडीह गांव निवासी भरत पंडित अपनी पत्नी और पुत्र के साथ करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शिकरपोसनी गांव में मनसा पूजा के निमंत्रण में शामिल होने गये थे. कार्यक्रम के बाद तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे दुलाडीह पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रही थार ने बाइक में टक्कर मार दी.
बाइक सवार सड़क पर गिरे
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे. आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी. स्थानीय लोगों की मदद से दुलारी देवी और अजय पंडित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया. वहीं, भरत पंडित की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी.
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे. भरत की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी और बेटे के घायल होने तथा परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
थार को पुलिस ने लिया कब्जे में
सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल थार को कब्जे में ले लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हादसे की परिस्थितियों और वाहन की गति समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
