जामताड़ा से निकेश कुमार की रिपोर्ट
Jamtara News: गोविंदपुर -साहिबगंज मुख्य सड़क के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरगा गांव के पास बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी युवक
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के नारोडीह (चिरूडीह ) से चंपापुर के लिए बरात गई थी, शादी का खाना खाकर एक स्कॉर्पियो में मिराज अंसारी (18वर्ष ), इरफान अंसारी (18वर्ष ), खलील अंसारी (25वर्ष ), ईदू मिया (35वर्ष ), वसीम अंसारी (18वर्ष ) और सुलेमान अंसारी (17वर्ष ) घर के लिए लौट रहे थे. इसी दौरान चालक ने मीरगा गांव के पास नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो सड़क पर पलटी मार गई. इस घटना में मिराज अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल है. जिनका हायर सेंटर में उपचार चल रहा है. वहीं घटना में वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं.
चालक के अनुभवहीन होने की चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, स्कार्पियो चालक को वाहन परिचालन की जानकारी नहीं थी. वह गांव में ट्रैक्टर चलाता था. ऐसा अनुमान लगाया जाता है कि रात के अंधेरे और अनुभव नहीं होने के कारण यह घटना घटित हुई. इधर घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु जामताड़ा भेज दिया है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर अपनी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में बोले प्रभात खबर के प्रधान संपादक अंकित शुक्ला – संवाद का तरीका ही निर्णायक
इसे भी पढ़ें: पलामू में अपराधियों के हौसले बुलंद: रेहला में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर
