सदर अस्पताल में डायलिसिस सेंटर के जेनरेटर में आधी रात को लगी आग

जामताड़ा. सदर अस्पताल परिसर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेंटर के बाहर लगे 125 केवी क्षमता का जेनरेटर अचानक धू-धू कर जल उठा.

आग लगाने वाला संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी में कैद, सुरक्षा पर उठे सवाल संवाददाता, जामताड़ा. सदर अस्पताल परिसर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेंटर के बाहर लगे 125 केवी क्षमता का जेनरेटर अचानक धू-धू कर जल उठा. घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के हिस्सों को नुकसान होने से बचाया जा सका. शुरुआत में अस्पताल प्रबंधन ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया था, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो एक संदिग्ध युवक की तस्वीर सामने आई. फुटेज में उक्त व्यक्ति घटना के समय वहां मौजूद दिखा और जाते वक्त “बाय-बाय” करता नजर आया. इसके बाद अब प्रबंधन ने शरारती तत्व द्वारा आग लगाने की आशंका जताई है. घटना बुधवार रात करीब 1.30 बजे की है. डायलिसिस सेंटर के कर्मी आकाश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना जामताड़ा पुलिस को दे दी है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध की तस्वीर भी पुलिस को सौंप दी जायेगी. बताया कि पूर्व में भी दो बार जनरेटर की बैटरी चोरी हुई है. जानकारी के अनुसार स्कैग संजीवीनी डायलिसिस प्रा. लि. कोलकाता की ओर से पीपीपी मोड में जामताड़ा सदर अस्पताल में सेंटर चालू किया गया है, जहां प्रतिदिन करीब 15 मरीजों का डायलिसिस होता है. हालांकि इस घटना से गुरुवार को मरीजों को डायलिसिस करने में कोई परेशानी नहीं हुई. कर्मी ने बताया कि गुरुवार को बिजली की स्थिति ठीक थी, लेकिन आगे यदि बिजली कटेगी तो मरीजों को डायलिसिस करने में दिक्कतें होगी. बताया जाता है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर इसी जेनरेटर के जरिए डायलिसिस सेंटर में मरीजों का इलाज किया जाता था. जनरेटर की कीमत करीब 7 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. रात में चार-चार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं संचालित रहने के बावजूद किसी व्यक्ति का जेनरेटर में आग लगाकर सुरक्षित निकल जाना व्यवस्था की बड़ी चूक मानी जा रही है. क्या कहते हैं थाना प्रभारी घटना की जानकारी मिली है. सीसीटीवी फुटेज मंगाया जा रहा है, जिसने भी घटना को अंजाम दिया है उसकी जल्द गिरफ्तारी की जायेगी. – मनोज कुमार महतो, थाना प्रभारी, जामताड़ा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Umesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >