ड्यूटी से लौटने के बाद किचन में गिरे डीएसपी
जामताड़ा के झिलुआ स्थित आईआरबी-1 में पदस्थापित डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह की गुरुवार देर शाम मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह ड्यूटी से लौटने के बाद करीब सात बजे किचन में थे. इसी दौरान अचानक गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
घटना के बाद आईआरबी के अधिकारियों और कर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए जामताड़ा स्थित पारस अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के चिकित्सकों ने डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह (55) को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सक के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी.
एसपी समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली. जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत जिले के कई वरीय अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
आरा के रहने वाले थे प्रमोद कुमार सिंह
बताया गया कि प्रमोद कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के आरा जिले के रहने वाले थे. वर्तमान में वह रांची के कटहल मोड़ में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे.
शुक्रवार को होगा पोस्टमार्टम
जानकारी के अनुसार, मृतक डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
