कस्तूरबा विद्यालय, चंद्रपुर की 11वीं की छात्रा की मौत, वार्डन पर लगा लापरवाही बरतने का आरोप

नारायणपुर. प्रखंड के चंद्रपुर स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली 11वीं की एक छात्रा की शनिवार को तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद उसे सीएचसी, नारायणपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

परिजनों की मांग, घटना की हो उच्च स्तरीय जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार जांच में जुटी नारायणपुर पुलिस, वार्डन, शिक्षक और सहपाठियों से की पूछताछ प्रतिनिधि, नारायणपुर. प्रखंड के चंद्रपुर स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली 11वीं की एक छात्रा की शनिवार को तबीयत बिगड़ गयी. इसे बाद उसे सीएचसी, नारायणपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. इसके बाद परिजनों ने विद्यालय की वार्डन पारुल मांझी पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. जानकारी के अनुसार, कुमारपहाड़ी निवासी बीरा टुडू की 19 वर्षीय पुत्री छमोली टुडू विद्यालय में 11वीं की छात्रा थी. वह छुट्टी में घर गयी थी और गुरुवार को विद्यालय लौटी थी. शनिवार की सुबह करीब 8 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. वार्डन पारुल मांझी के अनुसार, छात्रा को उल्टी और दस्त की शिकायत थी. उसे ओआरएस देने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पी नहीं पा रही थी. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गयी. करीब 11 बजे अभिभावक विद्यालय पहुंचे, जिसके बाद छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी. इधर, मृतका के भाई सकोल टुडू ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने के बाद जब वह विद्यालय पहुंचे तो उन्हें करीब एक से डेढ़ घंटे तक बहन से मिलने नहीं दिया गया. उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर स्थिति के बावजूद विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम चलता रहा और समय पर उचित कदम नहीं उठाया गया. पंचायत की मुखिया मुन्नी मरांडी ने भी कहा कि कार्यक्रम में मौजूद रहने के बावजूद उन्हें छात्रा की स्थिति की जानकारी नहीं दी गयी, जो लापरवाही दर्शाता है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा को दोपहर करीब 1:30 बजे बेहोशी की हालत में लाया गया था. उसे मिर्गी जैसे झटका आ रहे थे. तत्काल ऑक्सीजन सहित आवश्यक उपचार शुरू किया गया, लेकिन आधे घंटे के भीतर उसकी मौत हो गयी. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुराद हसन अस्पताल और विद्यालय पहुंचे. वार्डन, शिक्षकों और सहपाठियों से पूछताछ की. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jiyaram murmu

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >