– कर्मियों का आरोप. जब से नयी ट्रांसपोर्ट कंपनी आई है, तब से वेतन भुगतान रुका है संवाददाता, जामताड़ा. जामताड़ा रेलवे साइडिंग में कार्य कर रहे कर्मियों ने ट्रांसपोर्टर से बकाया वेतन की मांग को लेकर गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. इस कारण कोयला की ढुलाई पूरी तरह ठप हो गयी है. चितरा इसीएल से कोयला लेकर आने वाले डंपर जामताड़ा रेलवे साइडिंग परिसर में खड़ा है. डंपरों की कतारें रेलवे साइडिंग से दुमका रोड तक पहुंच गयी है. काम पूरी तरह रुकने से ट्रांसपोर्ट सिस्टम भी चरमरा गयी है. हड़ताल पर बैठे कर्मियों का कहना है कि उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है. इसी वजह से उन्होंने काम बंद कर दिया है. कर्मी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जब से नयी ट्रांसपोर्ट कंपनी आई है, तब से भुगतान रुका हुआ है. कर्मियों का आरोप है कि एमजीएम व जय अंबे ट्रांसपोर्ट कंपनी वेतन भुगतान को लेकर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रही है. दोनों कंपनियों के अधिकारी अलग-अलग आते हैं और हर बार दूसरी कंपनी पर जिम्मेदारी डालकर निकल जाते हैं. कर्मी जितेंद्र सिंह ने बताया कि इससे पहले शर्मा ट्रांसपोर्ट के समय भी दो महीने का वेतन नहीं मिला था. कंपनी काम छोड़कर चली गयी, लेकिन कर्मचारियों का पैसा नहीं दिया गया. कर्मियों ने कहा कि जब तक बकाया वेतन नहीं मिलेगा, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे. मौके पर जीतू सिंह, लालमुनी देवी सहित अन्य थे.
जामताड़ा रेलवे साइडिंग के कर्मियों को दो माह से नहीं मिला वेतन, कोयला ढुलाई ठप
जामताड़ा. जामताड़ा रेलवे साइडिंग में कार्य कर रहे कर्मियों ने ट्रांसपोर्टर से बकाया वेतन की मांग को लेकर गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है.
