सीपीआइएम ने प्रखंड मुख्यालय में दिया धरना
जामताड़ा : जामताड़ा प्रखंड कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार व अनियमिताओं के खिलाफ शनिवार को सीपीआइएम ने प्रखंड स्तरीय धरना प्रदर्शन किया. इसका नेतृत्व जिला सचिव सुजित माझी ने किया. श्री मांझी ने कहा कि जिले में गरीबों की आवाज सुनने वाला कोई नहीं है. गरीब प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाकर थक जा रहे हैं, लेकिन उनका छोटा से छोटा काम भी नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि आज भी सैकड़ों परिवार को सरकारी योजनाओं को लाभ नहीं मिल रहा है.
विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभ से लोग वंचित है. किसानों को खेती के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सिंचाई के अभाव में किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं. मजबूरन वे पलायन के लिए विवश है. इससे पूर्व पार्टी कार्यालय से कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली, जो कोर्ट मोड़ होते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंची. यहां नौ सूत्री मांग का एक ज्ञापन बीडीओ को सौंपा. मौके पर दुबराज भंडारी, अलका मांझी, कामीनी रंजन, जय प्रकाश मंडल, सचिन राणा, इब्राहिम अंसारी, शांति कोडा, अशोक भंडारी सहित अनेकों कार्यकर्ता मौजूद थे.
