कोलकाता से एनटीपीसी बाढ़ ले जाया जा रहा था कोयला
जामताड़ा रेलवे साइडिंग में बुझायी गयी आग
आग लगने के कारणों का पता नहीं चला
जामताड़ा : जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर खड़े मालवाहक ट्रेन के आठ डिब्बे से धुआं निकलने से अफरा-तफरी मच गयी. डिब्बे में कोयला लदा था. यह घटना शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे के आसपास की है. मालवाहक ट्रेन कोलकाता से को कोयला लेकर एनटीपीसी बाढ़ जा रहा था. इसी दौरान ट्रेन जामताड़ा स्टेशन पहुंची. यहां मालवाहक ट्रेन के आठ डिब्बे से अचानक धुआं निकलने लगा. इससे आसपास अफरा-तफरी मच गयी.
साथ ही डिब्बे के निचले हिस्से से आग की चिंगारी भी निकल रही थी. आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी जमा हुआ और आग पर काबू पाने का प्रयास किया. साथ ही अग्निशमक दल को बुलाया गया. दमकल का वाहन पहुंचा, लेकिन पाइप कम रहने के कारण उसे आग बुझाने में सफलता नहीं मिली. इसी बीच मालवाहक ट्रेन को रेलवे साइडिंग ले जाने का आदेश दिया गया. इसके बाद ट्रेन को रेलवे साइडिंग ले जाया गया और आग को बुझाया गया. डिब्बे में आस्ट्रेलिया की केपीडॉग कंपनी का कोयला लदा था.
स्टेशन मास्टर ने कहा
इस संबंध में स्टेशन मास्टर एन प्रसाद ने कहा कि अभी जानकारी ले रहे हैं. कारण को पता लगायेंगे. इस बारे में अभी कुछ नहीं कहना है. इसके पूर्व भी महीनों पहले एक यात्री ट्रेन की पहिया में आग लग गयी थी.
