कुंडहित : कुंडहित प्रखंड के चंद्रपुर गांव में शनिवार को अगलगी की घटना से 16 फूस के घर जल गये. लोगों ने कहा कि चंद्रपुर गांव के बीड़ीबांधा टोला में पत्ता से खाना बनाने के क्रम में आग लगी. देखते ही आग की लपटों ने 16 घर को चपेट में ले लिया. इसमें सराफत खान, खालेक खान, करीम खान, लालू खान, पीर मोहम्मद खान, दिलखुश खान, गुलबहार खान सहित 16 लोगों के घर जल गये. इस घटना में घर में रखा चावल, धान, कपड़ा, बरतन सहित कुछ नकद राशि भी जल गयी.
अगलगी की घटना से गांव में सन्नाटा छा गया है. पीड़ितों के घर पर खाने का एक दाना भी नहीं बचा. घटना की सूचना पाकर बीडीओ सह सीओ अरविंद ओझा, सीआइ मो एजाहारूल हक ने गांव का जायजा लिया. प्रत्येक पीड़ित परिवारों के बीच तीस-तीस किलो चावल मुहैया कराया गया. वहीं सूचना पर पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा भी पीड़ितों से मिलने पहंुचे और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
