जामताड़ा : रेडक्रास भवन सभागार में बुधवार को ऋण वितरण समारोह का आयोजन किया गया. इसका उदघाटन जिले के उपायुक्त शांतनु कुमार अग्रहरी ने दीप प्रज्वलित कर किया. मौके पर 23 लाभुकों के बीच करीब 1.95 करोड़ का ऋण वितरित किया गया. डीसी ने कहा कि जिले में रखे गये ऋण देने के लक्ष्य को पूरा कर लिया है. जिसमे सभी बैक कर्मियों ने सराहनीय कार्य किये हैं.
उन्होंने कहा कि आपलोगों को ऋण आर्थिक रूप मजबूत बनाने के लिये दिया गया है. ताकि आप बेरोजगार न रहे. ऋण का सही उपयोग करें. समयवधि पर ऋण को चुकाने का प्रयास करें ताकि आने वाले समय में बैंक आपको खुद बुलाकर ऋण दें. आगे भी सरकारी योजनाओ को सफलीभूत करने में बैंक कर्मी अपना सहयोग करते रहेंगे.
मौके पर बैंक मैनेजर ए अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी बैंक जिसमे स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बनांचल ग्रामीण बैंक, आईआरडीबी बैंक, युनियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया आदि बैंकों द्वारा कुल 43 लाभुकों को वर्ष 2015 में एक करोड़ पंचानबे लाख रुपया की ऋण देने का कार्य किया गया. बुधवार के इस समारोह में कुल 23 लाभुकों ने यहां उपस्थित होकर ऋण ली है. मौके पर भाजपा नेत्री बेबी सरकार, पंचायत समिति सदस्य आसीत मंडल, जिला परिषद सदस्य अनीता टुडू, जिला परियोजना प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा, ललन दुबे आदि उपस्थित थे.
