ग्रामीणों का आरोप : संपन्न लोगों के नाम सूची में है और गरीबों के गायब मामले की जांच कराकर दोषियों पर हो कार्रवाई
नोनीहाट/शिकारीपाड़ा : खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जारी की गयी सूची में नोनीहाट व शिकारीपाड़ा के कई लाभुकों के नाम नहीं रहने से नाराज लोगों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया. नोनीहाट में रामगढ़ प्रखंड के लतबेरवा पंचायत अंतर्गत खसिया गांव के लाभुकों ने गुरुवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की सूची में नहीं रहने को लेकर हंगामा किया.
पीडीएस लाभुकों की सूची में भारी गड़बड़ी किये जाने से ग्रामीण लाभुकों में आक्रोश है. लाभुक सूची से छूटे नामों को जोड़ने एवं तैयार लाभुक सूची में की गई मनमानी की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं. हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने उपेन्द्र महतो की अगुआई में एक बैठक कर रामगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपने का निर्णय लिया गया.
सूची से नाम गायब हो जाने की वजह से गरीब परिवार के लोग केरोसिन व अनाज पाने से वंचित हो गये हैं. जिससे उन्हें बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इधर शिकारीपाड़ा में सूची से लाभुकों के नाम गायब रहने तथा कुछ संपन्न लोगों के नाम रहने से नाराज ग्रामीणों ने गणेशपुर स्थित सीताराम मुर्मू के जविप्र के दुकान पर हंगामा किया.
हंगामे की सूचना पाकर मौके पर थाना प्रभारी अजय कुमार केशरी पहुंचे और वितरण बंद कराते हुए लाभुकों को समझा बुझा कर शांत कराया. उन्होंने जविप्र के दुकानदार को विभागीय पदाधिकारी द्वारा सूची प्राप्त होने के बाद खाद्यान्न वितरण करने का निर्देश दिया गया. उक्त सूची में कई लाभुकों का कार्ड संख्या, यूनिट, दशार्या गया है लेकिन नाम रिक्त है.
