सभी घायल गिरिडीह के अहिल्यापुर निवासी
नारायणपुर : थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहेबगंज मुख्य मार्ग पर रामनगर गांव के समीप एक ऑटो और स्विफ्ट वाहन की सीधी टक्कर में ऑटो में सवार चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल का इलाज स्थानीय लोगों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में कराया गया. जानकारी के अनुसार जामताड़ा के देवाशिष मिश्रा अपने स्विफ्ट वाहन संख्या जेएच- 21 डी- 9913 से धनबाद से अपने घर जामताड़ा जा रहे थे. वहीं नारायणपुर से चैनपुर जा रही टेंपो से सीधी टक्कर रामनगर के पास हो गयी.
इस टक्कर में टेंपो सड़क से उतर कर सीधे खेत में जा गिरा. वहीं स्विफ्ट वाहन के परखच्चे उड़ गये. टेंपो में सवार टेकलाल वर्मा (62), हरि वर्मा (65), टेई यादव (60) व जीवन मंडल (42) सभी गिरिडीह जिला अहिल्यापुर निवासी हैं, जिन्हें गंभीर चोट लगी है़ इनमें से हरि वर्मा की स्थिति काफी खराब रहने के कारण उन्हें धनबाद रेफर कर दिया गया़ पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है़
