प्रभात खबर में समाचार छपने के बाद जगी संवेदना
जामताड़ा : प्रभात खबर में पांच माह से बीमार छात्रा का समाचार छपने के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं की संवेदना जग गयी है. सदर अस्पताल में इलाज करा रही छात्रा लुकमुनी हेंब्रम से मिलने शनिवार को जेएमएम के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक मंडल एवं अन्य सदस्य लुकमुनी को देखने अस्पताल पहुंचे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर से मुलाकात कर लुकमुनी के सेहत के बारे में जानकारी ली. अशोक मंडल ने कहा कि बहुत ही दुख की बात है कि पैसा के अभाव में पांच माह घर में पड़ी रही लुकमुनी को किसी ने नहीं देखा. जब मुझे इस बात की जानकारी मिली कि आदिवासी छात्रा पैसा के अभाव में इलाज नहीं करा पा रही हैं,
तो मैंने तुरंत झारखंड छात्र मोर्चा के सदस्यों को इस बात की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर तरह से विफल साबित हो रही है. राज्य में जहां एक ओर अनाज के अभाव में लोग भूखे मर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर पैसा के अभाव में गरीब का इलाज नहीं हो पा रहा है. लुकमुनी के परिवार को नकद राशि देकर सहयोग किया. मौके पर चंचल राय, अमित मंडल, ताहा अंसारी, राजा पाल, सादिक अंसारी, सुधांशु शेखर, दीपक पांडेय, संतोष मंडल, दामोदर महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
