रानीश्वर : हर व्यक्ति अपना भविष्य स्वयं बनाता है और बिगाड़ता है़ किसी व्यक्ति का भविष्य स्वयं उस पर निर्भर करता है. उक्त बातें गुरुवार को मयुराक्षी ग्रामीण डिग्री कॉलेज में आयोजित एक समारोह में कुलपति प्रो मनोरंजन प्रसाद सिन्हा ने कहीं. प्रो सिन्हा ने कहा कि छात्र जीवन में ही छात्रों का भविष्य निर्भर करता है. समाज में अच्छा करने के लिए या अच्छा इंसान बनने के लिए आदमी को अपनी सोच बदलनी होगी. हरेक आदमी का सोच ही उसे आगे बढ़ा सकता है या नीचे गिरा सकता है़
उन्होंने कॉलेज के सभी छात्रों को अपने बारे में प्रतिदिन अच्छा कुछ सोचने की बात कही़ सोच बदलने से ही जिंदगी बदल सकती है़ कुलपति ने कहा कि यहां की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का मौका दिया जायेगा़ एमजी कॉलेज को नैक से बी ग्रेड मिलने से उन्होंने खुशी जाहिर की़ बच्चों को मेहनत कर पढ़ने की अपील की. उन्होंने कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया़ समारोह में प्राचार्य डॉ अब्दुल रईस खान ने कॉलेज के इतिहास के बारे में कुलपति को अवगत कराया़
यहां कम संसाधन में भी बच्चे अच्छे रिजल्ट करता है के बारे में भी जानकारी दी़ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कुमिरदहा उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक दयामय मित्र को कुलपति के हाथों मान पत्र देकर सम्मानित किया गया. कुमिरदहा स्कूल जिले के फाइव स्टार स्कूलों में से प्रथम स्थान पर है़ रांची में शिक्षक दिवस पर कुमिरदहा स्कूल को भी पुरस्कृत किया गया है़ इसके अलावा काॅलेज के तीनों संकाय के प्रथम स्थान प्राप्त करनेवाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया़ इसी काॅलेज के पूर्व छात्र रहे स्व रूपेश पात्र के नाम मान पत्र उनके भाई अनिमेष पात्र को दिया गया. काॅलेज के ही शिक्षक गजेंद्र सिंह, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय के सेवानिवृत्त लिपिक षष्टीचरण मंडल को भी कुलपति के हाथों सम्मानित किया गया़ मौके पर इंटर कॉलेज के प्राचार्य ब्रजभूषण साहा, प्रो उदय प्रसाद सिंह, स्वर्ण कुमार सिंह, नव कुमार पाल, विश्वनाथ मालपहाड़िया, दीनबंधु घोष आदि उपस्थित थे़
