बैंक खाता से आधार जोड़ने में गड़बड़ी का नतीजा
विद्यासागर(करमाटांड़) : सावधानी हटी-दुर्घटना घटी’ स्लोगन सरकारी दफ्तर में चरितार्थ हो रहा है. करमाटांड़ प्रखंड कार्यालय के लिपिक की गलती से मुंबई के बैंक खाते से 3.15 लाख रुपये ट्रांसफर होकर करमाटांड़ के एक उपभोक्ता के खाते में आ गया. इसका खुलासा लातूर के बैंक प्रबंधक द्वारा कंबाइंड बिल्डिंग स्थित एक बैंक शाखा प्रबंधक को भेजे गये पत्र से हुआ है. गौरतलब है कि लिपिक को करमाटांड़ के सकीना बीवी के बैंक खाता में आधार नंबर 414850037807 को जोड़ना था.
लिपिक ने गलती से आधार संख्या 31146753243 को जोड़ दिया.
खाते में आयी राशि की कर ली निकासी : इस कारण महाराष्ट्र के लातूर के चंद्रशेखर कुर्ले के बैंक खाते से 3.15 लाख रुपये करमाटांड़ के सकीना बीवी के खाते में ट्रांसफर हो गया. सकीना ने प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से उक्त राशि की निकासी भी कर ली,
लातूर का 3.15 लाख…
जबकि सकीना बीबी का बैंक खाता कुरुवा भारतीय स्टेट बैंक शाखा में है. बाद में लातूर के शाखा प्रबंधक ने जामताड़ा कंबाइंड बिल्डिंग के शाखा प्रबंधक को 31 मई को ई-मेल के माध्यम से सूचना दी. जांच में सकीना बीवी ने अपने को फंसता देख 89 हजार रुपये वापस कर दिया. शेष राशि भी जल्द वापस कर देने की बात कही थी, लेकिन आज तक नहीं की. कंबाइंड बिल्डिंग के शाखा प्रबंधक के आवेदन पर करमाटांड़ थाना में मामला दर्ज किया गया. करमाटांड़ थाना कांड संख्या 218/17 के तहत सकीना बीवी व उनके पति तनवीर अंसारी को आरोपित बनाया गया है. थाना प्रभारी केडी झा ने कहा कि आरोपित की तलाश की जा रही है. जल्द आरोपित पुलिस गिरफ्त में होंगे.
तीन माह बाद करमाटांड़ थाना में मामला दर्ज
जांच के दौरान आरोपित ने वापस किये 89 हजार रुपये
