कंपनी ने नहीं सुनी पीड़ा तो गेट के समक्ष धरना पर बैठ गये मजदूर

जमशेदपुर में त्रिवेणी अर्थमूवर्स कंपनी के ठेका मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. कंपनी प्रबंधन ने समाधान के लिए 3 सितंबर तक का समय मांगा है, जिसके बाद आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.

जमशेदपुर : एनएच स्थित भिलाईपहाड़ी स्थित त्रिवेणी अर्थमूवर्स कंपनी के मुख्य गेट पर अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर ठेका मजदूरों ने प्रदर्शन किया. आदिवासी एकता मंच के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन के दौरान मजदूरों और मंच के सदस्यों ने कंपनी प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आदिवासी एकता मंच के अध्यक्ष दीनबंधु सिंह ने कहा - मजदूर कई वर्षों से कंपनी में पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं. इसके बावजूद उन्हें सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, ओवरटाइम का भुगतान, बोनस और वैधानिक अवकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है.

प्रबंधन पर मजदूरों की अनदेखी का लगाया आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन लगातार मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी कर रहा है. मंच ने साफ कहा कि मजदूरों को उनका जायज हक देना होगा नहीं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. उग्र प्रदर्शन को देखते हुए कंपनी प्रबंधन हरकत में आया. एचआर राजेश ने मंच के पदाधिकारियों व मजदूर प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया. वार्ता के दौरान प्रबंधन ने मजदूरों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए 3 सितंबर तक का समय मांगा.

मंच ने स्थगित किया आंदोलन

इस पर सहमति जताते हुए आदिवासी एकता मंच ने फिलहाल आंदोलन को स्थगित कर दिया है. हालांकि, अध्यक्ष दीनबंधु सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 3 सितंबर तक सभी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो 4 सितंबर को कंपनी गेट पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी. उन्होंने कहा - इसके बाद प्रबंधन के साथ किसी भी तरह की बातचीत नहीं होगी. मौके पर छोटू सोरेन, मंगल टुडू, पर्वत किस्कू, शशि सिंह सरदार और धनंजय मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दशमत सोरेन

दशमत सोरेन ने रांची विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर किया है. वे 29 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनकी विशेषज्ञता मुख्य रूप से झारखंड की आदिवासी-मूलवासी राजनीति, स्थानीय समुदायों की भाषा-संस्कृति और यहां के सामाजिक ताना-बाना है. वे वर्ष 2010 से प्रभात खबर के साथ एक ट्राइबल रिपोर्टर के रूप में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >