जमशेदपुर : स्कूल में बच्चे पढ़ने जाते हैं तो शिक्षक उन्हें पढ़ाते हैं. बच्चे तैयार रहते हैं कि आज उन्हें किस विषय की पढ़ाई करनी है. लेकिन, सोचिये अगर क्लास में शिक्षक की जगह बच्चों का राबता पुलिस से हो जाये तो वे क्या करेंगे. दरअसल, जमशेदपुर के अमर ज्योति हाई स्कूल में कुछ ऐसा ही हुआ है. यहां बच्चों की क्लास में अचानक आजादनगर थाना की पुलिस पहुंच गयी. इसके बाद जो हुआ उसे जानकर आप भी हैरान रह जायेंगे.
बच्चों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
आजादनगर थाना पुलिस ने बुधवार को अमर ज्योति हाई स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान बच्चों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल दुनिया के खतरों से सतर्क किया गया. मौके पर आजादनगर थाना प्रभारी चंदन सिंह अपनी टीम के लोगों के साथ मौजूद थे. इस दौरान पुलिस ने बच्चों को इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने के महत्वपूर्ण तरीके समझाए.
अनजान व्यक्ति के साथ पासवर्ड साझा नहीं करें
उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ पासवर्ड, ओटीपी या परिवार की बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें. अनजान लिंक, लुभावने विज्ञापनों और लॉटरी के फर्जी संदेशों पर क्लिक करने से बचें. सोशल मीडिया पर अजनबियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें. ऑनलाइन गेम्स के दौरान वित्तीय लेनदेन से दूर रहें. साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें : पुलिस टीम ने बच्चों को बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें. इस मौकेपर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए बच्चों के लिए इसे बेहद उपयोगी बताया.
