जमशेदपुर: मानगो के दाईगुट्टू इलाके में पेयजल संकट गहरा गया है. बड़ा हनुमान मंदिर से क्रॉस रोड नंबर एक तक (कावेरी पथ) करीब 30 से 40 घरों में रहने वाली 400 से 500 की आबादी पानी की समस्या से परेशान है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में जवाहरनगर की 15 नंबर टंकी से पानी की आपूर्ति होती है, लेकिन पिछले कुछ समय से शाम की सप्लाई पूरी तरह बंद है.
सुबह 8 से 11 बजे के बीच पानी की आपूर्ति होती भी है, तो प्रेशर इतना कम रहता है कि ऊपरी इलाके के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता. निचले हिस्से में ढलान के कारण पानी पहुंच जाता है, लेकिन ऊंचाई पर रहने वाले लोगों को बिना मोटर के पानी मिलना मुश्किल हो गया है.
5-6 महीने से बनी हुई है समस्या
स्थानीय लोगों ने बताया कि दाईगुट्टू के ऊपरी इलाके में पिछले 5-6 महीनों से पानी के कम प्रेशर की समस्या बनी हुई है. लोगों का कहना है कि पहले समस्या का समाधान हुआ था, लेकिन वॉल्व पूरा नहीं खोले जाने या पर्याप्त प्रेशर नहीं मिलने के कारण स्थिति फिर खराब हो गयी.
लोगों ने मानगो नगर निगम से जलापूर्ति का प्रेशर बढ़ाने और शाम की सप्लाई नियमित करने की मांग की है. उनका कहना है कि पानी की कमी से घर के काम और खाना बनाने से लेकर रोजमर्रा के दूसरे काम भी प्रभावित हो रहे हैं.
लोगों ने कहा
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 5-6 महीनों से पानी का प्रेशर न के बराबर है. बिना मोटर के एक बूंद पानी नहीं मिलता. प्रशासन को जल्द इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए.
बुद्धेश्वर प्रमाणिक ने बताया कि पहले शिव मंदिर के पास से लाइन जुड़ी थी. बाद में सुधार के लिए इसे मेन रोड से जोड़ा गया, लेकिन अब वॉल्व पूरा नहीं खुलने के कारण स्थिति और खराब हो गयी है.
गंगा देवी ने कहा कि घर का काम और खाना बनाने समेत रोजमर्रा के सभी काम पानी की सप्लाई पर निर्भर हैं. सुबह प्रेशर नहीं रहता और शाम को पानी आता ही नहीं, जिससे दिनचर्या प्रभावित हो रही है.
केके सिंह के अनुसार, निचले इलाके में ढलान के कारण पानी पहुंच जाता है, लेकिन ऊंचाई पर स्थित घरों तक पानी नहीं चढ़ पाता.
अमित सिंह ने बताया कि गर्मियों से अब तक यही स्थिति बनी हुई है. पानी के अभाव में दैनिक कामों के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ.
सोनू पांडेय ने कहा कि पूरे मोहल्ले की आबादी प्रभावित है. पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी लोगों को रोज परेशानी उठानी पड़ रही है.
नगर निगम ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
अपर नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम जितेंद्र यादव ने कहा कि दाईगुट्टू क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित होने और कम प्रेशर की समस्या की जानकारी मिली है. संबंधित जलापूर्ति शाखा और तकनीकी टीम को वितरण पाइपलाइन की जांच करने का निर्देश दिया गया है. तकनीकी खामी को दूर कर जल्द ही क्षेत्र में पर्याप्त प्रेशर के साथ नियमित जलापूर्ति बहाल की जायेगी.
