विरोध का अनोखा अंदाज, पुलिया की मरम्मत नहीं हुई तो ग्रामीण ने कर दिया हवन

जमशेदपुर के लुआबासा में ग्रामीणों ने सालों से उपेक्षित जर्जर पुलिया की मरम्मत की मांग को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. अपनी बेबसी और आक्रोश जताने के लिए, उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान के बजाय पुलिया से गुजरने वालों की सुरक्षित यात्रा की कामना के लिए हवन का आयोजन किया.

जमशेदपुर | जब पुलिया की मरम्मत की मांग पर सालों तक सुनवाई न हो, तो आखिर ग्रामीण करें भी तो क्या? लुआबासा में एक ग्रामीण ने रविवार को इसी बेबसी और आक्रोश को अनोखे अंदाज में सामने रखा. अन्ना चौक से NH-33 मुख्य राजमार्ग और स्टेट हाइवे को जोड़ने वाली जर्जर लुआबासा पुलिया की बदहाली से परेशान ग्रामीण ने हवन किया. हालांकि, यह हवन किसी धार्मिक अनुष्ठान के लिए नहीं था, बल्कि पुलिया से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षित यात्रा की कामना के लिए किया गया.

किसी मां की गोद सूनी न हो, किसी बहन का सिंदूर न मिटे

ग्रामीण ने कहा कि उनकी बस इतनी इच्छा है कि इस जर्जर रास्ते से गुजरते समय किसी की जान न जाए. किसी मां की गोद सूनी न हो, किसी बहन का सिंदूर न मिटे और कोई परिवार सड़क हादसे के कारण बर्बाद न हो. अन्ना चौक से NH-33 मुख्य राजमार्ग और स्टेट हाइवे को जोड़ने वाली यह पुलिया पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में है. इस रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों मजदूर, राहगीर व भारी वाहन गुजरते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की बदहाल स्थिति के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है और कई लोग हादसों का शिकार भी हो चुके हैं.


जर्जर लुआबासा पुलिया पर हिचकोले खाते गुजरते वाहन.

लोगों की जान बचाने के लिए हवन : ग्रामीण

हवन करने वाले ग्रामीण ने कहा - यह किसी धार्मिक आयोजन का हिस्सा नहीं है. इसका उद्देश्य पुलिया से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षित यात्रा की कामना करना है. उन्होंने कहा - सड़क और पुलिया की बदहाली के कारण किसी परिवार को अपने सदस्य को न खोना पड़े. कोई मां अपने बेटे को खोकर न रोये और किसी परिवार की खुशियां सड़क हादसे की भेंट न चढ़ें.

जनप्रतिनिधि इसी रास्ते से गुजरते हैं, फिर पुलिया क्यों नहीं दिखती?

पुलिया की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी साफ नजर आया. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के जिला पार्षद, विधायक और सांसद भी इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन वर्षों से पुलिया की स्थिति जस की तस बनी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय विकास और सड़क-पुलिया से जुड़े बड़े-बड़े वादे किये जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता.

छह माह पहले डीसी को दिया था आवेदन, फिर भी नहीं शुरू हुआ काम

ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह महीने पहले पुलिया की मरम्मत की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था. इसके बाद उपायुक्त को आवेदन देकर लुआबासा पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की गयी थी. इसके बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. लोगों का कहना है कि पुलिया की स्थिति किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Surjan singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >