एक ही रात 9 दुकानों में चोरी पर जताई चिंता, भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी को बताया निराधार

जमशेदपुर में बढ़ती चोरी और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों के खिलाफ सांसद विद्युत महतो ने एसएसपी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर

शहर में लगातार बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज निराधार मुकदमों के विरोध में सोमवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब से मिला. सांसद विद्युत वरण महतो और भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक को विस्तृत ज्ञापन सौंपा. नेताओं ने शहर में बढ़ रही हत्या, लूट, चोरी व छिनतई की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा सुदृढ़ करने की मांग की.

सांसद विद्युत महतो ने विशेष रूप से मानगो डिमना रोड में एक ही रात नौ दुकानों में हुई चोरी का उल्लेख करते हुए इसे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताया. उन्होंने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और गश्ती बढ़ाने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने गत तीन जुलाई को शांतिपूर्ण जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर गंभीर व निराधार धाराओं में दर्ज प्राथमिकी पर कड़ी आपत्ति जतायी. नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दे उठाने वालों पर मुकदमा दर्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है. इसकी निष्पक्ष समीक्षा कर धाराएं हटायी जाएं.

इसके अलावा कन्हैया यादव हत्याकांड के बाद सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचीं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के साथ मौजूद भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय व हरेराम यादव पर दर्ज मुकदमे को भी वापस लेने की मांग की गयी. एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने आश्वस्त किया कि उठाये गये सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच की जायेगी और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा. प्रतिनिधिमंडल में संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह एवं तन्मय झा मुख्य रूप से मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeev bhardwaj

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >