जमशेदपुर: टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौते के बाद कर्मचारियों की ओर से आपत्तियां सामने आ रही हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, यूनियन अध्यक्ष के समक्ष 20 से अधिक आपत्तियां दर्ज करायी गयी हैं. कर्मचारियों का कहना है कि समझौते के कुछ प्रावधानों के कारण कई विभागों के ग्रेड, भत्ते और एरियर की गणना में विसंगतियां सामने आयी हैं.
नए पे-स्ट्रक्चर पर वरिष्ठ कर्मचारियों ने उठाये सवाल
कई वरिष्ठ कर्मचारियों ने नये पे-स्ट्रक्चर को लेकर भी आपत्ति जतायी है. उनका कहना है कि इससे उनके पदक्रम और वित्तीय लाभ पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है. आपत्तियों की बढ़ती संख्या के बाद यूनियन और प्रबंधन के बीच मामले को लेकर सरगर्मी बढ़ गयी है.
Also read: शिक्षा की रैंकिंग में पूर्वी सिंहभूम नंबर-1, अन्य जिलों का हाल देख रह जाएंगे हैरान
Tata Steel Wage Revision: हर आपत्ति की तकनीकी और वित्तीय जांच करेगी कमेटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए यूनियन नेतृत्व ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि उनके हितों से कोई समझौता नहीं किया जायेगा. दर्ज आपत्तियों की समीक्षा और उनके त्वरित निष्पादन के लिए एक समर्पित Anomalies Committee का गठन किया जा रहा है.
यह कमेटी कर्मचारियों से प्राप्त प्रत्येक आपत्ति की तकनीकी और वित्तीय स्तर पर जांच करेगी. कमेटी में कर्मचारियों की ओर से यूनियन के पदाधिकारी और प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे. कमेटी की सिफारिशों के आधार पर प्रबंधन के साथ बातचीत कर जरूरी सुधार किये जायेंगे, ताकि किसी कर्मचारी को नुकसान न हो.
Tata Steel Wage Revision: CPO स्तर से नोटिफिकेशन के बाद होगी बैठक
इस संबंध में चीफ पीपुल ऑफिसर (सीपीओ) अतरई सान्याल के स्तर से नोटिफिकेशन जारी किया जायेगा. इसके बाद कमेटी की बैठक होगी और कर्मचारियों की ओर से उठायी गयी सभी समस्याओं पर चर्चा की जायेगी.
यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया है कि वेज रिवीजन का लाभ हर वर्ग के कर्मचारी को पारदर्शी तरीके से दिलाना यूनियन की प्राथमिकता है.
Also read: जमशेदपुर में आज फिर दिखें बारिश के आसार,जानें क्या है मौसम का हाल..
