फिटमेंट स्लिप ने खोला वेतन बढ़ोतरी का राज, किसी को एरियर का इंतजार तो 2200 कर्मचारी बंचिंग से परेशान

टाटा स्टील कर्मचारियों को वेज रिवीजन समझौता के तहत फिटमेंट स्लिप मिल गई है, जिससे वेतन और लाभों की जानकारी मिली. हालांकि, 2200 कर्मचारियों को 'बंचिंग' के कारण तत्काल लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनमें नाराजगी है.

जमशेदपुर : वेज रिवीजन समझौता के तहत टाटा स्टील के कर्मचारियों को बुधवार को फिटमेंट स्लिप मिल गयी. इससे स्टील वेज (ओल्ड सीरीज) व न्यू सीरीज के कर्मचारियों को यह मालूम चल गया कि उनको कितना वेतन मिलेगा व समझौता के बाद क्या-क्या लाभ मिलेगा. कर्मचारियों को जानकारी दी गयी कि जून और जुलाई माह का बढ़ा हुआ एलाउंस, वेतन और एलाउंस का एरियर अगस्त के वेतन के साथ सितंबर माह में आ जायेगा. एक जनवरी 2025 का एरियर स्टील वेज काे 5 फीसदी और न्यू ग्रेड को 10 फीसदी राशि एमजीबी के तौर पर अक्तूबर माह के वेतन के साथ मिलेगा. वहीं, 1 जुलाई 2026 के पुराना ग्रेड काे 5 फीसदी और नया ग्रेड काे 2.75 फीसदी एमजीबी के तहत बढ़ा हुआ वेतन अक्तूबर माह से आने लगेगा.

आर्थिक तौर पर हो रहा नुकसान

वहीं, करीब 2200 कर्मचारियों को जब फिटमेंट नहीं स्लिप मिली, तो उनमें भारी नाराजगी देखी गयी. उनके इंक्रीमेंट की तिथि अलग कर दी गयी है. इस कारण उनको तत्काल इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है. उनको आर्थिक तौर पर नुकसान हो रहा है. एनएस ग्रेड के साथ ही ओल्ड सीरीज के कर्मचारी भी इस जद में है, लेकिन अधिसंख्य नुकसान एनएस ग्रेड को है. लिहाजा, इसको लेकर भारी नाराजगी है. इसको लेकर कमेटी मेंबरों और कर्मचारियों ने विरोध दर्ज कराया है.

सीनियर-जूनियर का बेसिक समान होने को कहते हैं बंचिंग

कंपनी के 2200 कर्मचारी बंचिंग सिस्टम के कारण ग्रेड रिवीजन के लाभ से वंचित हो रहे हैं. बंचिंग उस स्थिति को कहते हैं, जब एक ही ग्रेड में कार्यरत कर्मचारियों का वेज रिवीजन से पहले बेसिक पे अलग-अलग था, लेकिन स्टेप फिटमेंट या पे फिटमेंट के बाद उनका रिवाइज्ड बेसिक समान हो जाता है. ऐसी स्थिति में सीनियर और जूनियर कर्मचारी के बीच पहले से मौजूद वेतन अंतर को बनाये रखने के लिए जूनियर कर्मचारी की इंक्रीमेंट की सालाना तिथि को बदलकर वेज एग्रीमेंट की सालाना तिथि कर दी गयी. उदाहरणस्वरूप, कंपनी के दो कर्मचारी एनएस-5 ग्रेड में है. सीनियर कर्मचारी का 31 दिसंबर 2024 को पे रिवीजन के पहले बेसिक 31455 रुपये था, जबकि जूनियर कर्मचारी का 30865 रुपये था. वेज रिवीजन के बाद दोनों ही सीनियर व जूनियर का बेसिक 47555 रुपये हो गया. इंक्रीमेंट भी 930 रुपये हो गया. सीनियर की पुरानी इंक्रीमेंट की तिथि 1 जून 2025 और जूनियर की 1 मई 2025 थी. वेज रिवीजन के बाद दोनों का बेसिक 47,555 रुपये हो गया, यानी पहले जो 590 रुपये का अंतर था, वह समाप्त हो गया. इसे ही बंचिंग कहते हैं. अब जूनियर कर्मचारी की इंक्रीमेंट तिथि 1 जनवरी 2026 कर दी गयी, जो पहले 1 मई 2025 थी. ऐसे में जूनियर कर्मचारी को 1 मई 2025 का इंक्रीमेंट नहीं मिलेगा. उसके इंक्रीमेंट वेज एग्रीमेंट की तिथि 1 जनवरी 2026 पर शिफ्ट होगी. वहीं, सीनियर कर्मचारी का वेतन 1 दिसंबर 2025 को 48485 रुपये हो गया, जबकि 1 जनवरी 2026 को सीनियर का वेतन 48485 रुपये ही रहा. यह ग्रेड रिवीजन में लागू होने वाला एक फिटमेंट नियम है, जो एनजेसीएस समझौता के समय से ही लगातार लागू होता आ रहा है. यह नयी व्यवस्था नहीं है. इस नियम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की वरिष्ठता और सीनियर व जूनियर के बीच मौजूदा वेतन अंतर को सुरक्षित रखना है.

24 जून को हुआ था वेज रिवीजन समझौता

टाटा स्टील के कर्मचारियों का वेतन समझौता 24 जून को वेज रिवीजन समझौता हुआ था. इसके तहत कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम 16,111 और अधिकतम 30,793 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी हुई है. अब अधिकतम वेतनमान 1 लाख 36 हजार 535 रुपये प्रतिमाह हो गया है. यह समझौता सात साल के लिए हुआ है, जो 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2031 तक लागू किया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश सिंह

ब्रजेश सिंह. प्रभात खबर से कई सालों से जुड़े हुए है. 29 सालों का पत्रकारिता का अनुभव है. औद्योगिक, ट्रेड यूनियन, क्राइम, प्रशासनिक, सरकार, राजनीति के जानकार है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >