सोनारी में दयानंद आर्य वैदिक कन्या उच्च विद्यालय व डीएवी इंग्लिश मीडियम की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
Jamshedpur News :
सोनारी स्थित जॉगर्स पार्क में दयानंद आर्य वैदिक कन्या उच्च विद्यालय एवं डीएवी इंग्लिश मीडियम का वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हुआ. इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप से जॉगर्स पार्क के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह उपस्थित रहे. उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर और गायत्री मंत्र के साथ वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. मुख्य अतिथि द्वारा पहले झंडोत्तोलन किया गया. इसके बाद स्कूली बच्चों ने आकर्षक परेड एवं मार्च पास्ट प्रस्तुत किया. गुब्बारे उड़ाकर मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया. सचिव बाबूलाल ने स्वागत भाषण दिया. यहां स्कूली बच्चों द्वारा मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गयी. इसके बाद छात्र-छात्राओं ने योगासन और व्यायाम का प्रदर्शन किया. मुख्य अतिथि ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य होते हैं. बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित करें. खेल से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है. खेल के माध्यम से बच्चे अच्छे नागरिक बन सकते हैं. विभिन्न तरह की प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. इन प्रतियोगिताओं में इट एंड रन, सैक रेस, बॉल बैलेंसिंग रेस, वन लेग्ड रेस, वेयर द बैग एंड रन, बैलून बैलेंसिंग रेस, स्किपिंग रेस, स्पून एंड मार्बल रेस, रिले रेस, स्लो साइकिल रेस आदि प्रमुख थे. प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत किया गया तथा चारों वेदों के ग्रुप में वर्ष भर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं खेलकूद प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को वार्षिक उपलब्धि पुरस्कार दिया गया. इस मौके पर दयानंद कन्या आर्य वैदिक उच्च विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका किरण सिन्हा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया. टीम कमांडर द्वारा प्रतियोगिता का समापन किया गया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
