जमशेदपुर.
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर के आम बागान मैदान के अविलंब सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए इसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृतियों से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्मारक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है. इस संबंध में उन्होंने टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज (वीपीसीएस) तथा पूर्वी सिंहभूम के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया है.
विधायक सरयू राय ने कहा कि आमबागान शहर का हृदयस्थल है. वर्ष 2014 से 2019 के दौरान मंत्री रहते हुए उन्होंने आमबागान का नाम बदलकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक मैदान करने का प्रस्ताव भेजा था. इस विषय पर शहर के प्रबुद्ध नागरिकों की बैठक भी आयोजित की गई थी. इसके बाद योजना को स्वीकृति मिली और तत्कालीन जुस्को ने इसके विकास का कार्य भी प्रारंभ कर दिया था. लेकिन वर्ष 2019 के बाद यह कार्य अधूरा रह गया और आगे नहीं बढ़ सका.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस मैदान की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है. यह कबाड़ रखने के स्थल और अनाधिकृत पार्किंग स्थल में तब्दील होता जा रहा है. मैदान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित है, लेकिन प्रतिमा के आसपास भी कबाड़ फैला रहता है, जो शहर की गरिमा और नेताजी के सम्मान के अनुरूप नहीं है. विधायक सरयू राय ने बताया कि लगभग आठ माह पहले टाटा स्टील के वीपीसीएस से इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई थी. उस समय टाटा स्टील ने सौंदर्यीकरण के लिए सिद्धांततः सहमति दी थी तथा तत्कालीन जिलाधिकारी ने भी सहयोग का आश्वासन दिया था. बावजूद इसके यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी. उन्होंने सुझाव दिया कि इस स्थल पर आजादी की लड़ाई से लेकर नेताजी के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को आधुनिक ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रदर्शित किया जाए. इसे योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने पर यह शहर की ऐतिहासिक पहचान के साथ एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है. इसके लिए उन्होंने पुनः औपचारिक पत्र भेजकर कार्रवाई का अनुरोध किया है.
