Jamshedpur News : दुर्गा पूजा विसर्जन के बाद एक सप्ताह तक नदी के पानी का लिया गया सैंपल

Jamshedpur News : दुर्गा पूजा विसर्जन के बाद सुवर्णरेखा और खरकई नदी के पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए लगातार एक सप्ताह तक पानी के नमूने लिये गये.

तीन स्थानों से लिया गया सैंपल, रिपोर्ट का इंतजार

नदी में पर्याप्त जलस्तर, रिपोर्ट के बेहतर रहने की उम्मीद

Jamshedpur News :

दुर्गा पूजा विसर्जन के बाद सुवर्णरेखा और खरकई नदी के पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए लगातार एक सप्ताह तक पानी के नमूने लिये गये. झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद (जेएसपीसीबी) के निर्देश पर दो से नौ अक्तूबर तक सैंपल कलेक्शन का कार्य किया गया. इस बार नदी में पर्याप्त पानी होने से प्रदूषण का स्तर पिछले साल की तुलना में कम रहने की संभावना है. तीन स्थानों- मानगो पुल के पास सुवर्णरेखा घाट, सोनारी के दोमुहानी संगम स्थल और आदित्यपुर पुल के समीप बेली बोधनवाला घाट से सैंपल एकत्रित किये गये हैं. इन नमूनों की जांच पीएच स्केल, घुलनशील ऑक्सीजन (डीओ), जैव रसायनिक ऑक्सीजन मांग (बीओडी) और कुल घुलनशील ठोस पदार्थ (टीडीएस) के मापदंडों पर की जा रही है.

क्षेत्रीय प्रदूषण पदाधिकारी जीतेंद्र सिंह ने बताया कि सैंपल की जांच प्रक्रिया 24 घंटे में पूरी होती है. सभी सैंपलों का कंपाइलेशन चल रहा है और रिपोर्ट आने के बाद सार्वजनिक की जायेगी. पिछले वर्ष विसर्जन के बाद नदी में रसायनिक तत्वों की मात्रा अधिक पायी गयी थी और घुलनशील ऑक्सीजन का स्तर घटा था. हालांकि इस बार अच्छी बारिश से जलस्तर अधिक है, जिससे प्रदूषण का असर अपेक्षाकृत कम रहने की उम्मीद जतायी जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >