सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को है. इस दिन शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के बीच श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे.
मान्यता है कि सावन के पहले सोमवार पर शिवलिंग का जलाभिषेक कर बेलपत्र, भांग-धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करने से अधूरे कार्य पूरे होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. साथ ही वैवाहिक और प्रेम जीवन में सुख-समृद्धि आने की भी मान्यता है. शास्त्रों के अनुसार, इस दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है और श्रद्धा-भाव से व्रत एवं पूजा करने पर भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है. शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं.
किस मंदिर में कब होगी पूजा और जलाभिषेक
भुवनेश्वरी मंदिर, टेल्को
भुवनेश्वरी मंदिर, टेल्को में सुबह 6:20 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक जलाभिषेक होगा. सुबह 8:30 बजे रुद्राभिषेक किया जाएगा. वहीं, शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक भजन का आयोजन होगा. यहां जलाभिषेक अर्घ्य के जरिए किया जाएगा.
गोलपहाड़ी मंदिर, खासमहल
गोलपहाड़ी मंदिर, खासमहल में रात 2 बजे मंदिर खुल जाएगा और शाम 7:20 बजे तक श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक कर सकेंगे. इस दौरान मंदिर के दोनों गेट खुले रहेंगे.
दलमा बूढ़ा बाबा शिव मंदिर
दलमा बूढ़ा बाबा शिव मंदिर में रात 12 बजे मंदिर खुल जाएगा और सोमवार की शाम 8:20 बजे तक श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक कर सकेंगे.
जमशेदपुर के आसपास इन मंदिरों में भी होगा जलाभिषेक
चकुलिया के नागा बाबा मंदिर में सुबह 5:30 बजे जलाभिषेक होगा. चित्रेश्वर बेड़ागुड़ा मंदिर में सुबह 4:30 बजे से जलाभिषेक किया जाएगा. वहीं, महादेवसाल, मनोहरपुर मंदिर में सुबह 4 बजे जलाभिषेक होगा.
सावन के पहले सोमवार पर इन शिवालयों में आस्था का रंग देखने को मिलेगा. भोले के भक्त श्रद्धा और उत्साह के साथ मंदिर पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर उनका आशीर्वाद लेंगे.
