माचिस के डिब्बे में 10-10 पुड़िया मिला ब्राउन शुगर
Jamshedpur News :
पोटका के जिला पार्षद के भाई सागर मंडल और उसके साथी मिलन मंडल को पुलिस ने 20 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ शुक्रवार को गिरफ्तार किया. शनिवार को केस का उद्भेदन करते हुए ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि हाता चौक के पास तीन लोग आपस में मारपीट कर रहे हैं. उनके पास ब्राउन शुगर है. सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस को देख तीनों शांत हो गये. जिसके बाद पुलिस ने तीनों- सागर मंडल, मिलन मंडल और प्रदीप सरदार की तलाशी ली. जांच के क्रम में सागर मंडल की पैंट की जेब में माचिस के डिब्बे में 10 पुड़िया ब्राउन शुगर मिला.इसके अलावा मिलन मंडल की पैंट की जेब में भी माचिस के डिब्बे में 10 पुड़िया ब्राउन शुगर मिला. मौके पर ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनका मोबाइल जब्त कर लिया. छापेमारी टीम में डीएसपी मुसाबनी संदीप भगत, इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, एएसआइ करमू राम समेत आरक्षी परमानंद कुमार रजवार और जोवाकिंग तिर्की शामिल थे. गिरफ्तार सागर मंडल और मिलन मंडल को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया. इस मामले में पोटका थाना में थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो के बयान पर केस दर्ज किया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
