भाई ने बताया- तीन माह पहले जमानत पर जेल से छूटा था मो. तौसिफ, नशे की थी लत
Jamshedpur News :
परसुडीह के कीताडीह गरीवानपट्टी निवासी मो. तौसीफ (21 वर्ष) की गुरुवार की रात कपाली ओपी अंतर्गत डोबो में चापड़ से मारकर हत्या कर दी गयी. तौसीफ के चेहरे पर चापड़ से हमला किया है. शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, तो पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, मगर कोई पहचान नहीं सका. जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया. शुक्रवार की शाम कहीं से जानकारी मिलने पर घरवालों ने शव की शिनाख्त मो. तौसिफ के रूप में की. भाई मो. तौहिद ने बताया कि रेलवे चोरी के मामले में तौसिफ जेल गया था. तीन माह पूर्व वह जमानत पर छूटा था. गुरुवार की दोपहर वह घर से पैदल निकला था. उसके बाद घर नहीं लौटा. वह नशा का सेवन करता था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर घरवालों को फिक्र हुई. शुक्रवार की शाम करीब चार बजे तौसिफ की हत्या की जानकारी मिली. मो. तौहिद ने बताया कि वह कीताडीह से कपाली कैसे और किसके साथ पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं है. पुलिस भाई के हत्यारे का पता लगाये. पुलिस के अनुसार हत्यारे का पता लगाया जा रहा है.