वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
परसुडीह थानांतर्गत कलियाडीह कैनाल में रविवार सुबह महिला का नग्न अवस्था में शव मिलने के मामले में पुलिस ने कई बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस महिला समेत कुछ अन्य मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिपोर्ट (सीडीआर) निकालने की तैयारी में है. पुलिस सोमवार को फिर से घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की. उसके बाद पुलिस जुगसलाई गई और महिला के बारे में अहम जानकारी प्राप्त की. पुलिस का कहना है कि महिला के कॉल डिटेल आने के बाद कई महत्वपूर्ण जानकारी मिल पायेगी.
महिला किस नंबर पर लगातार संपर्क में थी, इसकी जानकारी मिल सकती है. जिससे अनुसंधान के दौरान कई तथ्य खुल कर सामने आयेंगे. घटना के दिन मौके से बरामद चप्पल और पानी के बोतल को पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है. पुलिस ने महिला का कपड़ा बरामद करने को लेकर भी सोमवार को खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में महिला के परिवार से भी पूछताछ की गयी, लेकिन पुलिस को कोई विशेष जानकारी नहीं मिल पायी.
मालूम हो कि जुगसलाई के आरपी पटेल स्कूल रोड स्थित बंगालीपाड़ा निवासी किरण देवी का शव परसुडीह के कालियाडीह कैनाल के पानी में तैरते हुए मिला था. घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार और परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. डीएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर डॉग स्क्वॉयड को बुलाया. खोजी कुत्ते की मदद से पुलिस ने कैनाल के आस-पास जांच की. इस दौरान चप्पल और पानी की बोतल बरामद की थी.
